छोटी संसद के चुनाव को लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों में काफी उत्साह नजर आया। खास तौर पर पहली बार वोट डालने को लेकर युवा काफी जोश और उत्साहित दिखे ।
सभी ने एक स्वर से कहा लोगों में जागरूकता आने से ही योग्य प्रतिनिधियों का चुनाव हो सकेगा। लोगों ने कहा सभी लोगों को जरूर वोट डालने के अपने अधिकार का इस्तेमाल करना चाहिए। वोट न देने वाले जानबूझ कर योग्य प्रत्याशी को हराना चाहते हैं।
पहले चरण के चार ब्लाकों में शुक्रवार को वोट डालने के लिए लोगों की भारी भीड़ उमड़ी । पोलिंग बूथों पर भारी भीड़ से युवा मतदाताओं को भले ही लंबी लाइनों में खड़े रहना पड़ा हो लेकिन वे बिना मतदान किए नहीं लौटे। असोहा के तूरी निवासी अजय कुमार के चेहरे पर वोट डालने की चमक देखते ही बन रही थी।
बकौल अजय, वोट डालने में उन्होंने ईमानदार व मेहनती प्रत्याशी को प्राथमिकता दी है। पोलिंग बूथ पर वोट डालने के बाद बाहर आईं अतरसई की शालू अवस्थी भी पहली बार मतदान करने की खुशी से चहक रही थी।
शालू ने कहा पहले जब लोगों को वोट डालने के बाद उंगली की स्याही दिखाते देखती थी तो मन में आता था उन्हें कब अपने मताधिकार का प्रयोग करने का अवसर मिलेगा। आज पहली बार वोट डालकर वह काफी खुश हैं। कहा हर व्यक्ति को वोट जरूर डालनाचाहिए, क्योंकि उसका एक वोट ईमानदार प्रत्याशी का चुनाव करने में मददगार साबित हो सकता है।
मझखोरिया की शारदा व लक्ष्मी सिंह भी बताया उन्हें भी पहली बार वोट डालने का मौका मिला है। कहा योग्य प्रत्याशी चुनने के लिए उन्होंने वोट डालना जरूरी समझा। इन युवतियों का कहना था जो मतदाता वोट नहीं डालते, वह योग्य प्रत्याशी को जान बूझ कर हराना चाहते हैं।
अगर योग्य जनप्रतिनिधि चुनना है तो सभी को मतदान के प्रति जागरूक होना होगा। पुरवा प्रतिनिधि के अनुसार, बनिगांव की माधुरी, नीता, नीलम, रीता व सुखमीन आदि ने भी पहली बार वोटिंग की। इस दौरान इन युवतियों का उत्साह देखते ही बन रहा था।