ईद के त्योहार को लेकर रविवार को शहर के सभी बाजार गुलजार दिखे। शहर की मुख्य मार्केट धवन रोड, बड़ा चौराहा, स्टेशन रोड व वीडी मार्केट में खरीदारों की भारी भीड़ रही। त्योहार से पहले पड़ने वाला आखिरी रविवार होने के कारण लोग अपने परिवार के साथ खरीदारी करने निकले। इससे कपड़े, ज्वैलरी, कास्मेटिक, जूते-चप्पल के अलावा अन्य आवश्यक सामाग्रियों की दुकानों पर पूरे दिन ग्राहकों की भीड़ उमड़ती रही। छुट्टी का दिन होने के चलते दुकानदारों ने भी रविवार को सुबह जल्दी ही दुकानें खोल दी थी। बाजारों में सुबह से शुरू हुई ग्राहकों की भीड़भाड़ देर शाम तक बनी रही। व्यापारियों के अनुसार इस बार ईद पर व्यापार अभी तक अच्छा रहा है। दुकानदारों ने बताया कि मुस्लिम महिलाओं ने ईद को देखते हुए अभी से ज्वैलरी व ब्यूटी पार्लरों की बुकिंग करानी शुरू कर दी है। शहर काजी मौलाना निसार अहमद मिस्बाही ने बताया कि रविवार देरशाम चांद के दीदार हो गए हैं। इससे अब ईद का त्योहार सोमवार को मनाया जाएगा।
बढ़े दाम भी नहीं रोक पाए खरीदारों के हाथ
उन्नाव। बीते साल खाने-पीने की वस्तुओं के जो दाम थे इस बार उनके दामों में खासा इजाफा हुआ है। लेकिन बढ़े दाम ईद की खरीदारी में लोगों के हाथों को नहीं रोक पा रहे हैं।
रविवार को यह रहे बाजार भाव-
वस्तु का नाम- दाम बीते साल दाम इस साल
सामान्य सिवइयां- 60रु./किग्रा 80रु./किग्रा
बनारसी सिवइयां- 70रु./किग्रा 85रु./किग्रा
कलकत्ती सिवइयां- 80रु./किग्रा 100रु./किग्रा
लखनवी सिवइयां- 75रु./किग्रा 90रु./किग्रा
सूतफेनी- 80रु./किग्रा 90रु./किग्रा
खोया- 250रु./किग्रा 300रु./किग्रा
केला- 30रु./दर्जन 40रु./दर्जन
सेब- 80रु./किग्रा 100रु./किग्रा
पपीता- 40रु./किग्रा 55रु./किग्रा
बॉक्स........
कहां, कब और कौन पढ़वाएगा ईद की नमाज
स्थान समय पढ़ाने वाले
बड़ी ईदगाह सुबह 8.00 बजे मौलाना निसार अहमद मिस्बाही
छोटी ईदगाह सुबह 8.30 बजे हाफिज अब्दुल मजीद
अताउल्लाह मस्जिद सुबह 7.00 बजे कारी हसीब
शाही मस्जिद तालिब सरांय सुबह 8.15 बजे हाफिज जमालुद्दीन
खलिहान मस्जिद तालिब सरांय सुबह 8.15 बजे मौलाना शोएब
औलिया शहीद मस्जिद सुबह 8.15 बजे हाफिज गुलाम फरीद,
जन्नतुल बड़ी मस्जिद सुबह 8.15 बजे हाफिज मतीन
कंजी वाली मस्जिद सुबह 8.30 बजे हाफिज अब्दुल हफीज
तकी नगर मदीना मस्जिद सुबह 7.15 बजे कारी तौसीफ रजा
स्टेशन रोड बुद्धन शाह मस्जिद सुबह 8.45 बजे हाफिज मो. इश्तियाक