उन्नाव। सदर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में मूकबधिर महिला के साथ उसके दूर के रिश्तेदार ने घर में घुसकर दुष्कर्म का प्रयास किया। पीड़िता के शोर मचाने पर उसके भाई ने आरोपी को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया। कोतवाली पहुंचे डीएम और एसपी ने आरोपी व पीड़ित के परिजनों से पूछताछ की है।
सदर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी 28 वर्षीय मूकबधिर महिला पति से अलग अपने मायके में कई साल से रह रही है। सोमवार सुबह उसका दूर का रिश्तेदार सफीपुर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव का युवक युवती के पड़ोस में रहने वाले नाना के घर आया था। सोमवार रात करीब 9 बजे वह नशे की हालत में महिला के घर में घुस गया और दुष्कर्म का प्रयास किया। महिला के चीखने पर उसका बड़ा भाई पहुंचा और आरोपी को पकड़कर पुलिस को सूचना दी। पीआरवी मौके पर पहुंची और आरोपी को कोतवाल ले आई। पीछे से पीड़िता को लेकर उसके परिजन भी कोतवाली पहुंच गए। इसी बीच डीएम देवेंद्र कुमार पांडेय व एसपी विक्रांतवीर अन्य पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों के साथ कोतवाली पहुंचे और कोतवाल के केबिन में दोनों पक्षों से पूछताछ की। कोतवाल दिनेश चंद्र मिश्र ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है। छेड़छाड़ का मामला अभी तक सामने आया है। परिजनों की तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।