उन्नाव। तालिब सराय मोहल्ले में रास्ते में बाइक खड़ी करने पर विवाद हो गया। दूसरे पक्ष ने बाइक सवार के घर में घुसकर हमला बोला। मां बचाने दौड़ी तो उन्हें कमरे में बंद कर दिया। बहन को भी पीटा। पीड़िता ने आठ के खिलाफ तहरीर दी है।
सदर कोतवाली के तालिब सराय मोहल्ला निवासी सायमा ने पुलिस को तहरीर दी। बताया कि रविवार दोपहर भाई नदीम सड़क पर बाइक खड़ी करके घर आ गए। घर के सामने रहने वाले युवक ने रास्ते में बाइक खड़ी करने का विरोध किया और गाली-गलौज करने लगा। गाली देने से मना करने पर युवक छह-सात लोगों के साथ घर में घुस आया और भाई नदीम को पीटने लगा।
मां अमीना ने बचाने का प्रयास किया तो उन्हें धक्का देकर कमरे में बंद कर दिया। हमलावरों ने उसे (सायमा) और भाई के साथ जमकर मारपीट की। आरोप है कि मारपीट करने वाले तमंचा भी लिए थे। किला चौकी इंचार्ज राजेश दीक्षित ने बताया कि रास्ते में बाइक खड़ी करने को लेकर विवाद हुआ है। तहरीर मिली है। जांच की जा रही है।
छज्जा गिरने से घायल वृद्धा ने दम तोड़ा
औरास। थानाक्षेत्र के द्रिगपालखेड़ा गांव निवासी रघुराई (75) 20 नवंबर को घर के बहर बैठी थीं। अचानक छज्जा गिरने से वह गंभीर घायल हो गई थीं। परिजन लखनऊ के निजी अस्पताल में इलाज करा रहे थे। शनिवार देर शाम इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। परिजन शव लेकर घर आए। मां की मौत से पांच बेटे और चार बेटियां बेहाल हैं। थानाध्यक्ष अश्वनी मिश्र ने बताया कि पोस्टमार्टम कराया गया है। (संवाद)