उन्नाव। पीएनबी के एटीएम में रुपये निकालने वाले लोगों को हजारों का चूना लग रहा है। एटीएम से रुपये निकलते नहीं और खाते से कट जाते हैं। शिकार हुए तीन लोगों ने सदर कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
शहर के मोहल्ला शरद कुमार तिवारी ने एक सप्ताह पहले पंजाब नेशनल बैंक जवाहर नगर मुख्य शाखा के एटीएम से दस हजार रुपये निकालने का प्रयास किया। लेकिन अचानक सर्वर बंद हो गया।
उन्होंने दोबारा प्रयास किया मगर रुपये नहीं निकले। कुछ देर बाद मोबाइल पर 15 हजार रुपये निकलने का एसएमएस आया तो वह सन्न रह गए। शरद ने इसकी सूचना बैंक मैनेजर एनके त्रिवेदी को सूचना दी। कोई कार्रवाई न होने पर शरद ने सदर कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
गुरुवार को दो और लोग एटीएम रुपये निकालने के प्रयास में अपने 14 हजार रुपये गवां बैठे। एबी नगर निवासी नगीना सिंह ने एटीएम से दस हजार रुपये निकालने के लिए फीड किया मगर सिर्फ तीन हजार रुपये ही निकले। पुरवा कोतवाली क्षेत्र के भादिन गांव निवासी शिवकुमार ने दस हजार रुपये निकालने का प्रयास किया मगर सिर्फ ढाई हजार ही निकले। जबकि दोनों के खाते से दस-दस हजार रुपये कट गए। पीड़ितों ने शाखा प्रबंधक से शिकायत की।
बैंक के शाखा प्रबंधक एनके त्रिवेदी ने बताया कि एटीएम में तकनीकी खराबी के चलते फास्ट कैश विड्राल से दस हजार रुपये फीड करने पर तीन हजार ही निकलते हैं और इतनी ही रकम खाते से विड्राल होती है। उन्होंने बताया कि अगर कोई बटन से दस हजार रुपये फीड करता है तो पूरी रकम निकलती है। उन्होंने बताया कि कंपनी में शिकायत की है जल्द ही मरम्मत कराई जाएगी।