पुरवा(उन्नाव)। विदेश से पति द्वारा खाते में भेजे गए रुपये एटीएम से निकालने पहुंची महिला को जालसाजों ने शिकार बना डाला। मदद के बहाने उसका एटीएम कार्ड बदलकर कोड पूछा और खाते से 81 हजार की नगदी पार कर दी। मोबाइल पर मैसेज देख महिला बदहवास हो गई। उसने पुलिस को घटना की जानकारी देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने जांच शुरू की है।
क्षेत्र के चकजमालपुर गांव निवासी मायादेवी का पति करन दुबई में नौकरी करता है। उसने दो दिन पहले अपने साले सर्वेश के खाते में 81 हजार रुपये भेजे और पत्नी से रुपये निकालने की बात कही थी। गुरुवार दोपहर लगभग एक बजे मायादेवी भाई का एटीएम लेकर ननद के साथ कोतवाली के सामने एटीएम से रुपये निकालने पहुंची। मायादेवी के अनुसार उसने मशीन में कार्ड डाला तो नगदी नहीं निकली। इसी बीच पीठे खड़े युवक ने मदद करने की बात कह उससे कार्ड ले लिया और मशीन में डाला। नगदी न निकलने पर उसने कार्ड खराब होने की बात कह उसे घर जाने के लिए कहा। अभी वह घर पहुंची ही थी कि मोबाइल पर 81 हजार रुपये खाते से निकल जाने का मैसेज आया। मैसेज देख वह बेहाल हो गई। उसने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
कोतवाल अनिल सिंह ने बताया कि मदद के नाम पर एटीएम बूथ पर पहले से मौजूद युवक ने महिला का कार्ड बदलकर उसे खराब कार्ड पकड़ा दिया और उसके कोड की जानकारी कर खाते से रुपया निकाल लिया है। महिला की तहरीर पर जांच की जा रही है। एटीएम के सीसीटीवी फुटेज को देखा जा रहा है।