असोहा। जुनाबगंज-असोहा मार्ग पर हुए गड्ढे के कारण एक ट्रक खराब हो गया। इससे मार्ग पर आवागमन बंद हो गया और कुछ ही देर में वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। पुलिस ने खराब ट्रक को हटवाकर जाम खुलवाने का प्रयास किया। करीब आठ घंटे बाद जाम खुल सका।
कानपुर-लखनऊ एक्सप्रेसवे का निर्माण होने से भारी वाहनों को दही चौकी से मोहनलालगंज वाया पुरवा और मौरावां डायवर्ट किया जा रहा है। दो माह पहले दही-मोहनलालगंज मार्ग पर पड़ने वाले जबरेला सई नदी पुल के पिलर में दरार आने से उस मार्ग से आने वाले भारी वाहनों को कालूखेड़ा से मोहनलालगंज वाया असोहा और दरेहटा होकर निकाला जाने लगा। प्रतिदिन सैकड़ों की संख्या में भारी वाहनों के आवागमन से मार्ग ध्वस्त हो गया और सड़क में गहरे गड्ढे हो गए।
शुक्रवार सुबह आठ बजे असोहा कस्बे में ध्वस्त सड़क के गड्ढे में ट्रक फंस गया। इसी बीच ट्रक में खराबी आ गई। ट्रक आगे नहीं निकल सका और देखते ही देखते मार्ग पर वाहनों की कतारें लगने लगीं। कुछ ही देर में मार्ग पर भीषण जाम लग गया। पुलिस को जाम खुलवाने में आठ घंटे लग गए।
लोगों ने बताया कि इससे पहले तीन दिन लगातार इसी मार्ग पर चंदनखेड़ा के पास ध्वस्त सड़क पर ट्रक फंसने से जाम लगा था। एसओ विमलकांत गोयल ने बताया कि गहरे गड्ढों में वाहन फंस रहे हैं। इससे जाम की स्थिति बनी रहती है। लोक निर्माण विभाग के जेई से गड्ढों की मरम्मत कराने के लिए कहा गया है।