सफीपुर। कस्बे के अलग-अलग मोहल्लों में पागल कुत्ते के हमले से 37 लोग घायल हुए। उन्हें सीएचसी में भर्ती कराया गया। यहां सभी को एंटी रैबीज इंजेक्शन लगाया गया और मरहम पट्टी की गई। नगर पंचायत की रेस्क्यू टीम ने खोजबीन की, लेकिन देर शाम तक कुत्ते को पकड़ा नहीं जा सका।
कस्बे के मोहल्ला सराय सूबेदार से लेकर हाताबाजार, सराय खुर्रम, ब्राह्मण टोला सहित 12 से अधिक मोहल्लों में शुक्रवार को एक पागल कुत्ते ने हमला शुरू कर दिया। एक के बाद एक बाद उसने 37 लोगों को अपना शिकार बनाया। इससे लोग दहशत में आकर घरों में कैद हो गए। हमले में राम स्वरूप का बेटा आर्यन, रामकेवल कुशवाहा (65), सूरज की छह साल की बेटी रितिका, गंगाप्रसाद (85), असगर (21) सहित कुल 37 लोग कुत्ते के हमले से घायल हो गए।
घायल लोगों को सीएचसी में भर्ती करवाया गया। यहां डॉक्टरों ने पहले सभी मरीजों के एंटी रैबीज लगाया। इसके बाद मरहम पट्टी करवाया। सीएचसी अधीक्षक डॉ. राजेश वर्मा ने बताया कि एंटी रैबीज के 85 वॉयल उपलब्ध हैं। वहीं, नगर पंचायत ईओ विनीत श्रीवास्तव ने बताया कि जानकारी मिली है। टीम भेजकर कुत्ते को पकड़वाने का प्रयास किया जा रहा है।