गंजमुरादाबाद। बारिश से सब्जियां दागी होने लगी हैं। मंडी में आवक कम होने से दाम भी चढ़ गए हैं। इससे लोगों को अब महंगी सब्जियां खरीदना पड़ रहा है।
गंगा का जलस्तर बढ़ने से रेती में बोई गई सब्जी की फसल खराब होने से आने वाले दिनों में दाम और चढ़ने का अनुमान है। बारिश के कारण हरी सब्जी की फसलों में एक तरफ फूल खराब हुआ। वहीं दूसरी तरफ कीट और रोगों का हमला भी बढ़ा है। इससे बाजार में आवक कम हुई है। इसका असर कीमतों पर पड़ा है। 20 में बिकने वाला टमाटर 40 रुपये प्रति किलो पहुंच गया है। यही भाव भिंडी का भी है।
बैगन 20 से बढ़कर 30, परवल 60, तरोई 30, घुइयां 60 रुपये, कद्दू 30 रुपये, लौकी 20 रुपये और करेला 30 रुपये प्रति किलो बिक रहा है। राजकीय कृषि बीज भंडार कार्यालय प्रभारी मुकेश सिंह ने बताया कि बरसात में फूल खराब होने से सब्जियों की फलत घटती है। वहीं, रोग और कीट भी बढ़ते हैं।