फतेहपुर चौरासी(उन्नाव)। ब्लॉक प्रांगण में क्षेत्र पंचायत की बैठक संपन्न हुई। जिसमें विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई। वहीं क्षेत्र पंचायत सदस्यों द्वारा दो करोड़ पांच लाख रुपये के विकास कार्यों के लिए प्रस्ताव दिए गए।
खंड विकास अधिकारी रुक्मणि वर्मा ने संचालित सरकारी योजनाओं के विषय में विस्तृत जानकारियां दी। सहायक विकास अधिकारी पंचायत हेमंत कुमार ने स्वच्छ भारत मिशन पर प्रकाश डालते हुए स्वच्छता के विषय में जानकारी दी। पशु चिकित्साधिकारी डॉ. संजय ने पशुओं के पालन पोषण एवं उनके रोगों के विषय में जानकारी देते हुए उपचार के उपाय बताए। सहायक विकास अधिकारी समाज कल्याण ब्रह्मदेव पांडेय ने कार्यक्रम का संचालन करते हुए वृद्धा, निराश्रित, विकलांग पेंशन योजना के विषय में जानकरी देते हुए कहा कि निराश्रित पेंशन में लाभार्थी की उम्र का कोई बंधन नहीं है। लाभार्थी की वार्षिक आय दो लाख रुपये से अधिक न हो। क्षेत्र पंचायत सदस्यों द्वारा सीसी रोड, नाली, खड़ंजा आदि विकास कार्यों के लिए करीब दो करोड़ पांच लाख रुपये के प्रस्ताव दिए गए। बैठक की अध्यक्षता करते हुए ब्लॉक प्रमुख डा. निदा परवीन ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पूर्व में उपलब्ध धनराशि के मुताबिक विकास कार्य कराए गए। आगे धनराशि उपलब्ध होते ही प्रस्तावित कार्य कराए जाएंगे।
बैठक में पूर्व विधायक बदलू खां, गोविंद पांडेय, पुष्कर शुक्ला, रामगोपाल पांडेय, रामनरायण, सुनील कुमार सहित क्षेत्रपंचायत सदस्य व ग्राम प्रधान मौजूद रहे।