चकलवंशी। आधार व खतौनी में दर्ज नाम में भिन्नता होने से प्रधानमंत्री किसान सम्मान योजना के लिए फार्मर रजिस्ट्री के आवेदन नहीं हो पा रहे हैं। किसानों के आवेदन साइट पर अपलोड नहीं हो रहे।
तहसील सफीपुर क्षेत्र के अटवा, बरभौला, मेथीटीकुर, फिरोजपुर कला आदि गांव के किसान फार्मर रजिस्ट्री कराने के लिए कैफे पहुंच रहे हैं। किसानों के आधार कार्ड व खतौनी में नाम अलग होने के कारण आवेदन पूर्ण नहीं हो पा रहे हैं। अटवा के किसान श्याम कुमार बाजपेई, धीरेंद्र कुमार बाजपेई ने बताया कि जुलाई में मां की मृत्यु के बाद वरासत कराई थी। फार्मर रजिस्ट्री पोर्टल पर अभी मां का नाम ही खतौनी में है, इससे आवेदन नहीं हो रहा है। बरभौला के रामसेवक ने बताया कि एक ही गाटा संख्या में कई किसान के नाम नहीं आ रहे हैं। दिसंबर महीने में केवल 500 किसानों का ही आवेदन हो पाया है।
जिला कृषि अधिकारी शशांक चौधरी ने बताया कि अभी पोर्टल को सही कराया जा रहा है। धीरे-धीरे सुधार हो रहा है। किसानों से आग्रह है कि खतौनी और आधार में अपना नाम भिन्न न रखें। दोनों में समान नाम होंगे, तभी आवेदन पूर्ण होगा। चकबंदी वाले गांव अन्य तकनीकी समस्याओं के लिए उच्चाधिकारियों को जानकारी दी जा रही है। शिविर के माध्यम से किसानों का पंजीकरण कराया जा रहा है। जल्द ही समस्याओं का निस्तारण करा लिया जाएगा।