उन्नाव। लर्निंग ड्राइविंग लाइसेंस के लिए तीन माह पूर्व फीस जमाकर स्लॉट बुक कराने वालाें को परिवहन विभाग ने बड़ा झटका दिया है। कोरोना को देखते हुए मार्च तक बुक कराए गए 3334 स्लॉटों को निरस्त कर दिया गया है। 6 जुलाई से अब आवदेकों को नए स्लॉट बुक कराने होंगे। हालांकि किसी भी आवेदक को दोबारा फीस नहीं भरनी पड़ेगी। स्लॉट बुक होने के बाद मिली तारीख पर आवेदक को कार्यालय जाकर लर्निंग लाइसेंस की प्रकिया पूरी करनी होगी। परिवहन आयुक्त के निर्देश पर एआरटीओ ने सोशल डिस्टेंसिंग का ख्याल रखते हुए लर्निंग लाइसेंस प्रकिया के लिए तैयारी शुरू कर दी है।
कोरोना संक्रमण को देखते हुए 25 मार्च को देश में लॉकडाउन कर दिया गया था। जिसके बाद विभागों में कामकाज भी ठप हो गया था। उपसंभागीय परिवहन विभाग में भी ड्राइविंग लाइसेंस के अलावा अन्य कार्यों पर रोक लग गई थी। 20 मई के बाद रजिस्ट्रेशन फिटनेस, टैक्स जमा करने संबंधी कार्य शुरू हुए थे, पर लर्निंग लाइसेंस पर अभी तक पूरी तरह से रोक लगी थी। 6 जुलाई से लर्निंग लाइसेंस पर फिर से काम शुरू होगा।
सूत्रों के अनुसार लर्निंग लाइसेंस के लिए मार्च माह तक 5334 स्लॉट बुक हो चुके थे। एआरटीओ अनिल त्रिपाठी ने बताया कि कोरोना काल में 3 माह तक काम बंद होने से लर्निंग लाइसेंस के लिए बुक कराए गए सभी स्लॉटों को निरस्त कर दिया गया है। अब आवेदकों को प्रकिया के तहत रीस्लॉट मिलेगा। स्लॉट की तारीख पर आवेदक को कार्यालय पहुंचकर लाइसेंस संबंधी अहर्ताएं पूरी करनी होंगी। जिसके बाद उसे लर्निंग लाइसेंस जारी किया जाएगा। प्रतिदिन अधिकतम 60 व न्यूनतम 30 स्लॉट की ही बुकिंग हो सकेगी।