हादसे में मरने वालों की संख्या अब नौ हो गई
कानपुर हैलट रेफर किए गए घायलों में कानपुर नगर के थाना रावतपुर के मोहल्ला रोशन नगर निवासी रफीक की पत्नी तरन्नुम (30) की रविवार देर रात इलाज के दौरान मौत हो गई। तरन्नुम पांच दिन पहले पिता नूरहसन के घर आई थी। रविवार सुबह बड़ी बहन मंतशा के साथ दो माह के बच्चे इब्राहिम की दवा लेने उन्नाव गई थी। हादसे में मरने वालों की संख्या अब नौ हो गई है।
आठ को उनके परिजन निजी अस्पतालों में लेकर गए
वहीं, जिला अस्पताल में भर्ती कराए गए 14 घायलों में से आठ को उनके परिजन रात में ही निजी अस्पतालों में लेकर चले गए। छह घायलों में माखी के गजाखेड़ा निवासी अन्नू सिंह और वहीं की परवीन और उनका बेटा हसनैन, बांगरमऊ के रामकृष्ण शुक्ल, रऊ के सुकेश और सदर कोतवाली के मंगला बाजार निवासी दीपक का इलाज चल रहा था।
ऑपरेशन की सलाह पर परिजन लखनऊ लेकर गए
इनमें दीपक (50) की हालत गंभीर देख देर रात में कानपुर हैलट रेफर किया गया था। जबकि रामकृष्ण शुक्ल (65) के गाल में आंख के पास दाहिनी ओर गंभीर चोट होने से ऑपरेशन की सलाह पर परिजन लखनऊ लेकर गए हैं। हादसे में मृत सफीपुर कस्बे के मोहल्ला सैय्यदवाड़ा निवासी इम्तियाज खां उर्फ लाडले के बेटे अजीज खान की तहरीर पर पुलिस ने ट्रक चालक पर लापरवाही से वाहन चलाने की रिपोर्ट दर्ज की है।
एफआईआर में उसका नाम बढ़ाया जाएगा
सफीपुर कोतवाली प्रभारी श्यामनारायण सिंह ने बताया कि मृतक के बेटे की तहरीर रविवार को तत्काल में अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई थी। इसके बाद में चालक को पकड़ लिया गया था। अब एफआईआर में उसका नाम बढ़ाया जाएगा।