सफीपुर। विकासखंड सभागार में जल निगम ग्रामीण की ओर से आयोजित कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को पानी की जांच के लिए किट वितरित की गई। इस दौरान कार्यकर्ताओं से घरों में पेयजल गुणवत्ता की जांच करने की अपील की गई।
एडीएम नमामि गंगे विधेस कुमार, एक्सईएन जल निगम ग्रामीण अजीत कुमार, एडीओ पंचायत छोटे लाल एवं जिला परियोजना प्रबंधन इकाई के कोऑर्डिनेटर ताहिर मलिक ने कार्यकर्ताओं को किट दी। प्रोजेक्ट मैनेजर सिविल एवं वाटर जानवी शुक्ला व निर्मल कुमार ने कार्यकर्ताओं को जल जांच किट के उपयोग और पानी की गुणवत्ता जांचने की पूरी प्रक्रिया की जानकारी दी। एडीएम ने कहा कि जल जीवन मिशन सरकार की एक महत्वपूर्ण योजना है, जिसका उद्देश्य प्रत्येक घर तक स्वच्छ पानी पहुंचाना है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे घर-घर जाकर पानी की जांच कर लोगों को सुरक्षित पेयजल के प्रति जागरुक करें। कोऑर्डिनेटर ने जल संरक्षण एवं स्वच्छ पेयजल के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी। कार्यक्रम में ब्लाक प्रमुख प्रतिनिधि रमेश रावत, नितिन श्रीवास्तव व अरविंद कुमार आदि मौजूद रहे।