उन्नाव। शहरी क्षेत्र में कब्जेदारों ने सारी हदें पार कर दी हैं। कहीं पर रोड किनारे लगे ट्रांसफार्मर को घेर लिया है तो कहीं नगर पालिका के पार्कों पर निर्माण करा रहे हैं। लाखों की कीमत की इन जमीनों पर अवैध निर्माणों का सिलसिला बदस्तूर जारी है।
ऐसा नहीं है कि इसकी जानकारी संबंधित विभागों के अधिकारियों को नहीं है लेकिन सेटिंग-गेटिंग के चलते अधिकारी इनसे अंजान बने हुए हैं। जब क्षेत्रीय नागरिक इसकी शिकायत करते हैं तो उन्हें जांच कराने की बात कहकर टाल दिया जाता है।
शहरी क्षेत्र में खाली पड़ी जमीनों, तालाबों, पोखरों पर कब्जेदारी के मामले तो काफी समय से उठते रहे हैं। इनकी शिकायतें होने पर कुछ विभागीय अधिकारी कब्जेदारों के विरुद्ध अभियान चलाने की बात कहते हैं तो कुछ सख्त होकर कार्रवाई भी करते हैं। लेकिन इसके बावजूद भूमाफिया अपनी करनी से बाज नहीं आ रहे हैं।
शहर के मोहल्ला पीतांबर नगर में नगर पालिका की ओर से कुछ जमीन को पार्क के लिए छोड़ा गया था। करीब तीन दशक से पार्क के लिए छूटी हुई इस भूमि पर अब भूमाफियाओं ने नजरें गढ़ा दी हैं और मौजूदा समय में यहां पर निर्माणकार्य भी करवाना शुरू कर दिया है।
इसके अलावा शहर के मोहल्ला हिरन नगर में तो अवैध निर्माण की सारी हदें पार करते हुए मुख्य मार्ग के किनारे लगे विद्युत ट्रांसफार्मर को ही दीवार उठवाकर घेरे में ले लिया गया है। भूमाफियाओं के हौसले बढ़ाने में नगर पालिका के अधिकारियों की मिलीभगत होने से इंकार इसलिए नहीं किया जा सकता है कि प्रतिदिन इन स्थानों पर पालिका अधिकारियों का आनाजाना बना रहता है लेकिन इन निर्माणों की ओर कोई भी अधिकारी ध्यान नहीं देता है।
पालिका अधिकारियों से हारे तो लगाई डीएम से गुहार
उन्नाव। पीतांबर नगर में स्थित पार्क पर हो रहे अवैध निर्माण की शिकायत 23 मार्च को जब क्षेत्रीय निवासियों ने पालिका अधिकारियों से की तो वहां से कोई कार्रवाई नहीं की गई। इसके बाद हताश लोगों ने 2 अप्रैल को जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर पार्क को भूमाफियाओं से बचाने की गुहार लगाई है।
कल ही गिरवा देंगे अवैध निर्माण
उन्नाव। बीती 23 मार्च को जब क्षेत्रीय लोगों ने इस अवैध निर्माण की शिकायत पालिकाध्यक्ष रामचंद्र गुप्ता से की थी तो उन्होंने इसकी जांच करवाने के लिए पालिका अधिकारियों के लिए लिखकर खानापूरी कर ली थी। लेकिन जब शुक्रवार को इस बाबत ‘अमर उजाला’ ने उनसे बात की तो वह बोले कि अवैध निर्माण को कल ही गिरवा दिया जाएगा।