चकलवंशी। सराय थोक मोहल्ले में जमीन के विवाद में बड़े भाई ने बीमार छोटे भाई के साथ मारपीट की। इससे उसकी हालत बिगड़ गई। परिजन डॉक्टर को दिखाकर उसे घर ले आए जहां हालत बिगड़ने पर मौत हो गई। पुलिस ने जांच की और पोस्टमार्टम के बाद आगे की कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
माखी थानाक्षेत्र के मोहल्ला सराय थोक निवासी पंकज दुबे (37) छह महीने से बीमार चल रहे थे। वह घर पर ही रहते थे। मां विजयलक्ष्मी ने बताया कि पति रामभरोसे की मौत के बाद आठ बिसुआ जमीन मेरे साथ चार बेटों में कृष्णगोपाल, पंकज, रामजी और पवन के नाम चढ़ गई थी।
बड़ा बेटा कृष्णगोपाल खेत बेचकर रुपयों की मांग कर रहा था। शनिवार रात करीब एक बजे इसी बात को लेकर गुस्साए बेटे ने पंकज से पहले विवाद किया। बाद में उसके ऊपर पानी डाल कर उसे पीटा। वह बचाने गई तो उसे भी पीट दिया। बेटे को एक डॉक्टर को भी दिखाया फिर घर ले आए।
रविवार को उसकी हालत बिगड़ने से मौत हो गई। मां ने बताया कि किसी बेटे की शादी नहीं हुई है। सूचना पर पुलिस ने जांच की और शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई का आश्वासन दिया। थानाध्यक्ष योगेश कुमार सिंह ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। युवक बीमार रहता था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।