उन्नाव। नवाबगंज कस्बा स्थित चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी में शनिवार को माइक्रोसॉफ्ट कंपनी ने एआई बूट कैंप का आयोजन किया।
इंडस्ट्री से जुड़े काम सिखाने के लिए आयोजित कैंप में इंजीनियरिंग, बिजनेस, कॉमर्स और कंप्यूटर एप्लीकेशन जैसे क्षेत्र में कॅरिअर बनाने के तरीके बताए गए। माइक्रोसॉफ्ट की प्रशिक्षक लिपिका शर्मा ने बताया की जब कई यूनिवर्सिटी यह सोच-विचार कर रही हैं कि युवाओं को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) में इंडस्ट्रीज के लिए कैसे तैयार किया जाए, तब चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी ने एआई आधारित कैंपस स्थापित कर बड़ा कदम उठाया है।
बताया कि एआई इंसानों की जगह नहीं लेगा, लेकिन जो व्यक्ति खुद को अपडेट रखेगा और एआई का जानकार होगा, वह इस तकनीकी बदलाव के दौर में आसानी से आगे बढ़ पाएगा। माइक्रोसॉफ्ट इस उद्देश्य का हिस्सा बनकर छात्रों को नई-नई तकनीकों की जानकारी देकर और कॅरिअर बनाने में सहयोग करेगा।
बताया ग्लोबल आईटी कंपनी माइक्रोसॉफ्ट ने चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी के साथ एमओयू साइन किया है। इसका उद्देश्य युवाओं को भविष्य की जरूरतों के अनुसार प्रशिक्षण देकर विकसित करना है।
प्रशिक्षक अभिषेक तिवारी ने एआई और स्टार्टअप के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि इस कैंप के माध्यम से उन्हें कक्षा में ही उन्नत तकनीकों की जानकारी का मौका मिल रहा है। यूनिवर्सिटी के चांसलर सतनाम सिंह संधू ने बताया कि छात्रों को ऐसी पढ़ाई और प्रशिक्षण पर जोर दिया जा रहा है जिससे उन्हें सरकारी और गैर सरकारी क्षेत्र में कॅरिअर बनाने में आसानी हो।