बिछिया क्रय केंद्र पर डंप धान के बोरे।
- फोटो : UNNAO
उन्नाव। जिले में धान उठान की स्थिति में सुधार नहीं दिख रहा है। कई केंद्रों में काफी मात्रा में धान के बोरे लगे होने से जगह नहीं बची है। इस कारण केंद्र प्रभारियों ने अघोषित रूप से धान खरीद बंद कर दी है। परेशान किसान औने-पौने दाम में खुले बाजार में धान बेचने को मजबूर हैं।
केंद्र-1
पीसीएफ द्वारा बिछिया में संचालित क्रय केंद्र पर नौ सौ क्विंटल धान डंप है। इससे पिछले सात दिनों से खरीद बंद है। वहीं किसान टोकन लेकर केंद्र के चक्कर लगाने को मजबूर हैं। कई किसानों ने अब केंद्र के भी चक्कर लगाने बंद कर दिए हैं। खुले बाजार में 1000-1100 रुपये प्रति क्विंटल में उपज बेच रहे हैं।
केंद्र-2
भारतीय खाद्य निगम के धान क्रय केंद्र पर खरीद के डेढ़ माह गुजर जाने के बाद भी 3535 क्विंटल धान डंप हैं। प्रभारी अश्विनी कुमार मौर्य ने बताया कि खुले में भारी मात्रा में धान डंप होने से अब केंद्र पर जगह नहीं बची है। इस कारण प्रतिदिन महज 150 क्विंटल से अधिक की खरीद नहीं हो पा रही है।
क्या कहते हैं डीएम
जिले में अब तक 20 हजार एमटी लक्ष्य के सापेक्ष 2447 किसानों से 10452.84 मीट्रिकटन धान की खरीद गई है। निर्देश दिए गए हैं कि केंद्रों पर बोरों की पर्याप्त उपलब्धता रखी जाए। चावल मिलों में शत-प्रतिशत धान भेजकर चावल प्राप्त करें। लापरवाही पर कार्रवाई की जाएगी।
रवींद्र कुमार, जिलाधिकारी