उन्नाव। कृषि विभाग के अधिकारियों ने निजी कीटनाशक दुकानों पर छापा मारकर जांच की। टीम ने स्टाक रजिस्टर और दवाओं की उपलब्धता जांची। 25 नमूने सील किए गए। इनकी प्रयोगशाला में जांच कराई जाएगी।
निजी दुकानों पर कीट नाशकों व कृषि औषधियों की गुणवत्ता, स्टाक, रेट की जांच के लिए गुरुवार को कृषि विभाग के अधिकारियों ने दुकानों में जांच की। उप कृषि निदेशक डॉ. नंदकिशोर ने सफीपुर, बांगरमऊ, जिला कृषि अधिकारी कुलदीप मिश्रा ने बीघापुर, जिला कृषि रक्षा अधिकारी विकास शुक्ला ने सदर व हसनगंज और उपसंभागीय कृषि प्रसार अधिकारी विकास किशोर ने पुरवा तहसील क्षेत्र की 51 दुकानों पर जांच-पड़ताल की। अधिकारियों ने दुकानों पर जाकर दवाओं की उपलब्धता जांची। फिर रजिस्टर में खरीद व बिक्री का स्टाक चेक किया। जिला कृषि अधिकारी कुलदीप मिश्रा ने बताया कि 25 नमूने लिए गए। इन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल अभी कहीं गड़बड़ी नहीं मिली है। औचक जांच लगातार जारी रहेगी।