उन्नाव। ड्यूटी से घर जा रहे स्टेट वेयर हाउस कार्पोरेशन (एसडब्ल्यूसी) के सिक्योरिटी गार्ड का शव हाइवे किनारे पड़ा मिला। पुलिस के मुताबिक किसी वाहन से कुचलकर मौत हुई है। वहीं, मृतक के बेटे ने हत्या की आशंका जताई।
दोपहर को पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे एसडब्ल्यूसी के मैनेजर व सहयोगी और मृतक के परिजनों के बीच कहासुनी के बाद मारपीट हुई। बेल्ट और लात-घूंसे चले। सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने लाठियां पटकर भीड़ को खदेड़ा इसके बाद मामला शांत हुआ। कोतवाली प्रभारी ने तफ्तीश और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की बात कही।
औद्योगिक क्षेत्र दही चौकी स्थित एसडब्ल्यूसी में सिक्योरिटी गार्ड के पद पर तैनात दानबहादुर पांडेय (47) मूल रूप से सोफिया पारा थाना पूरा कलंदर जिला फैजाबाद का रहने वाला था। वह कई साल से शहर के मोहल्ला मौहारीबाग में किराए का कमरा लेकर रह रहा था।
मंगलवार रात को उसकी ड्यूटी लगी थी। बुधवार सुबह वह ड्यूटी खत्म करके घर लौट रहा था। सुबह करीब छह बजे रोडवेज वर्कशाप के सामने हाइवे किनारे दान बहादुर का शव झाड़ियों में मिला। सूचना पर सहकर्मी मौके पर पहुंचे और फैजाबाद व कानपुर में रहने वाले परिजनों को सूचना दी।
दोपहर को पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे मृतक के बेटे जितेंद्र और भतीजे देवबक्श ने एक अधिकारी पर दानबहादुर की हत्या का आरोप लगाया। उनके मुताबिक अधिकारी ने करीब दो साल पहले एक झूठे आरोप में दानबहादुर को बर्खास्त करा दिया था। इसके बाद हाईकोर्ट के आदेश पर पुन: संविदा पर रखा गया।
बेटे के मुताबिक दोबारा ज्वाइन करने के बाद से उनके पिता को लगातार रात की ड्यूटी लगाकर परेशान किया जा रहा था। दोपहर करीब एक बजे एसडब्ल्यूसी के मैनेजर, एक अन्य सहयोगी के साथ पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे। मैनेजर को देखकर मृतक के परिजन भड़क गए दोनों पक्षों में तूतू-मैंमैं शुरू हो गई। कुछ ही देर में दोनों पक्षों में सड़क पर जमकर लात,-घूंसे और बेल्ट चले। मारपीट में दोनों पक्षों के लोगों को चोटें आईं।
सूचना पर सदर कोतवाली प्रभारी सतीश कुमार गौतम मौके पर पहुंचे। पुलिस ने लाठियां पटकर मारपीट कर रहे लोगों को खदेड़ा और एसडब्ल्यूसी के मैनेजर और उसके साथी को कोतवाली लेकर गई। मृतक के परिजनों ने पुलिस पर पक्षपात का आरोप भी लगाया। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि घटना की जांच कराई जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर स्थिति और स्पष्ट हो जाएगी। उन्होंने बताया कि तफ्तीश और पीएम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि अभी कोई तहरीर नहीं मिली है।