मालूम हो कि होली के त्योहार पर पिछले बुधवार से बैंक बंद हो गए थे। पांच दिन बैंक बंद होने से अधिकांश एटीएम भी खाली हो गए थे। बैंक बंद और एटीएम खाली होने से लोगों को पैसे की निकासी के लिए खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। सोमवार को बैंक खुलने से पहले ही भारी संख्या में लोग गेट पर पहुंच गए थे।
जैसे ही निर्धारित समय पर बैंक खुली वैसे ही भीड़ का रेला परिसर में पहुंच गया। कुछ बैंक शाखा प्रबंधकों ने इसकी सूचना पुलिस को दे दी। इस पर पुलिस ने बैंकों में पहुंचकर भीड़ को नियंत्रित किया। यहां पर संदिग्ध बैठे लोगों की तलाशी भी ली।
इसके अलावा कुछ लोगों ने जब बैंक के काउंटरों पर भीड़ अधिक देखी तो वह पैसा निकालने के लिए एटीएम बूथ पर पहुंच गए। यहां भी भीड़ अधिक पहुंच जाने से गार्डों ने लोगों को लाइन में खड़ा किया। बैंक अधिकारियों की मानें तो कई दिन बाद बैंक खुलने से भारी संख्या में लोग लेन-देन और चेकों की क्लीयरिंग कराने पहुंचे थे। इसी कारण कुछ समय के लिए अफरातफरी का माहौल हो गया था। भीड़ छंटने के बाद बैंकों में सुचारु रूप से काम हुआ।