जाम व प्रदर्शन के दौरान अधिवक्ता व राहगीर में होती नोकझोक।
- फोटो : UNNAO
उन्नाव। एमएसीटी ट्रिब्यूनल न्यायालय पुरानी तहसील स्थानांतरित किए जाने के विरोध में मंगलवार को अधिवक्ता सड़कों पर उतरे और कचहरी ओवर ब्रिज पर जाम लगा दिया। यातायात अवरुद्ध होते ही सिटी मजिस्टेट व सीओ मौके पर पहुंचे और अधिवक्ताओं से बात की। उनकी मांग थी कि इस न्यायालय को या तो कलक्ट्रेेट या फिर कचहरी कैंपस में ही रखा जाए। इस पर सिटी मजिस्ट्रेट ने डीएम से बात कर हल निकालने का आश्वासन दिया तब हंगामा शांत हुआ। इस दौरान करीब आधे घंटे कचहरी पुल पर यातायात अवरुद्ध रहा।
एमएसीटी ट्रिब्यूनल न्यायालय कचहरी से हटाकर पुरानी तहसील में शिफ्ट करने को लेकर अधिवक्ता 15 दिनों से न्यायिक कार्य से विरत रहकर आंदोलन कर रहे हैं। बार एसोसिएशन अध्यक्ष सतीश शुक्ला की अगुवाई में अधिवक्ताओं ने कचहरी पुल जाम कर दिया। पुलिस व पीएसी मौके पर पहुंची, लेकिन मामला शांत न होने पर सिटी मजिस्ट्रेट राकेश कुमार व सीओ सिटी उमेशचंद्र त्यागी मौके पर पहुंचे और अधिवक्ताओं से बात की। इस दौरान पूर्व अध्यक्ष गिरीश कुमार मिश्रा, कमलेश सिंह सिसोदिया, पूर्व महामंत्री राजेश कुमार, कर्ण बहादुर सिंह, रामसुमेर सिंह सहित सैकड़ों अधिवक्ता मौजूद रहे।