सोनिक। फिल्म अभिनेता नवाजुद्दीन सिद्दीकी की वेब सीरीज ‘रात अकेली है’ के दूसरे भाग के लिए शहर में कुछ स्थानों पर शूटिंग प्रस्तावित है। वह शुक्रवार को औद्योगिक क्षेत्र के एक बंद फैक्टरी और जिला अस्पताल में कुछ सीन की शूटिंग करेंगे। मालूम हो कि बुधवार को अभिनेता के डुप्लीकेट के साथ फैक्टरी में कुछ सीन शूट किए गए थे।
बॉलीवुड अभिनेता नवाजुद्दीन इस वेब सीरीज में कोतवाल की भूमिका अदा कर रहे हैं। गुरुवार को दही चौकी औद्योगिक क्षेत्र में काफी समय से बंद एक फैक्टरी में इस सीरीज के कुछ दृश्य फिल्माए गए। हालांकि गुरुवार को उनके डुप्लीकेट को कुछ स्टंट सीन शूट करने के लिए यहां लगाया गया था। शुक्रवार को फिल्म अभिनेता इस बंद केमिकल फैक्टरी में सीन करेंगे। सूत्रों के फिल्म की कहानी के अनुसार एक फैक्टरी में गैस के प्रभाव से कुछ बच्चों की मौत होती है।
फिल्म में कोतवाल की भूमिका निभा रहे अभिनेता नवाजुद्दीन सिद्दीकी फैक्टरी में पहुंचकर इसकी जांच करने का सीन शूट करेंगे, इसके अलावा जिला अस्पताल में भी करीब दस मिनट के एक सीन की शूटिंग प्रस्तावित है। इस संबंध में फैक्टरी मालिक अरविंद श्रीवास्तव से जानकारी का प्रयास किया गया लेकिन बात नहीं हो सकी। संजीव कुशवाहा ने बताया कि शूटिंग की अनुमति ली गई है।