बारासगवर/बीघापुर(उन्नाव)। बारासगवर थाना क्षेत्र के बैदरा गांव में रविवार को दोपहर बिजली गिरने से मिर्च के खेत की रखवाली करने गए 10 वर्षीय बालक व उसकी नौ वर्षीय चचेरी बहन की मौत हो गई। बच्चों की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
बैदरा गांव निवासी दीपांशु (10) पुत्र संतोष अपनी चचेरी बहन आराध्या (9) पुत्री स्व. प्रमोद के साथ रविवार की मिर्च के खेत की रखवाली करने गया था। दोपहर लगभग दो बजे बारिश व बादलाें की तेज गड़गड़ाहट के साथ बिजली गिरी। दोनों बच्चों की उसकी चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही परिजन खेत पर पहुंचे और बच्चों के शव देख बदहवास हो गए।
उधर, घटना की जानकारी मिलते ही एसडीएम सदर सत्यप्रिय सिंह ने नायब तहसीलदार रजनीश बाजपेयी व कानूनगो को गांव भेजा। एसडीएम ने बताया कि प्राकृतिक आपदा में जनहानि पर शासन से मुआवजा देने का प्रावधान है। नायब तहसीलदार को भेजकर जरूरी कागजात मंगा लिए गए हैं। जल्द ही परिजनों को पूरी मदद दी जाएगी।