बांगरमऊ (उन्नाव)। आईएएस की तैयारी कर रही बेटी को नोएडा पहुंचाने जा रहे उच्च न्यायालय के अधिवक्ता की कार एक्सप्रेसवे पर बांगरमऊ टोल प्लाजा के पास अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराकर पलट गई। हादसे में अधिवक्ता, उनकी पत्नी व बेटी समेत चार लोग घायल हो गए।
घायलों को बांगरमऊ सीएचसी ले जाया गया। वहां से अधिवक्ता व उसकी पुत्री की हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। बाद में सूचना मिलने पर पहुंचे परिजन घायलों को निजी संसाधनों से लखनऊ लेकर चले गए।
उच्च न्यायालय के अधिवक्ता प्रयागराज जिले के मोहल्ला कैंट निवासी मनु सक्सेना (50) की 22 वर्षीय बेटी शगुन नोएडा में रहकर आईएएस की परीक्षा की तैयारी कर रही है। कुछ दिन से वह माता-पिता के पास प्रयागराज में रह रही थी। सोमवार को उसे नोएडा वापस जाना था। इस पर उसके पिता मनु सक्सेना तड़के उसे लेकर कार से नोएडा जाने के लिए निकले। अधिवक्ता के साथ उनकी पत्नी राधा (45), बेटा राधामणि (24) भी साथ चल दिए। सोमवार की सुबह लगभग 10 बजे लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर बांगरमऊ टोल प्लाजा के पास कार अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराकर पलट गई।
हादसे में कार सवार सभी लोग घायल हो गए। यूपीडा कर्मियों ने पुलिस की मदद से सभी को सीएचसी पहुंचाया। वहां से अधिवक्ता मनु सक्सेना व उसकी बेटी शगुन की हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। हादसे की सूचना मिलने पर पहुंचे परिजन सभी घायलों को निजी वाहन से लखनऊ लेकर चले गए।