फतेहपुर चौरासी। भतीजे के मुंडन संस्कार में शामिल होकर लौट रहे चाचा की रास्ते में लोडर की टक्कर से मौत हो गई। चाचा की मौत से घर में मातम पसर गया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
थानाक्षेत्र के ग्राम बरुआघाट निवासी गौतम (30) पुत्र शिवदत्त सोमवार को अपने तीन वर्षीय भतीजे गोलू का मुंडन कराने सोमवार को ग्राम झूलूमऊ स्थित मां फूलमती मंदिर गया था। देर शाम वह ट्रैक्टर-ट्राली में बैठकर घर लौट रहा था। विजयखेड़ा मोड़ के पास लघुशंका करने के लिए गौतम ट्रैक्टर से नीचे उतरा। इसी दौरान पीछे से आ रहे लोडर ने उसे टक्कर मार दी। अन्य परिजन लहूलुहान हालत में सीएचसी ले गए। जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। गौतम की मौत से परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं। मृतक की पत्नी किरन छह वर्षीया बेटी नंदनी का रो-रोकर बुरा हाल है। प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि मृतक के भाई रामजीवन की तहरीर पर अज्ञात लोडर चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।