सफीपुर में करंट से सूरज की मौत के बाद बिलखते परिजन ।
- फोटो : UNNAO
परियर। लोहे का पतला तार बांधकर उड़ाई जा रही पतंग हाईटेंशन लाइन के पोल में फंस गई। पतंग में लटक रहे तार को पकड़ने की कोशिश में बच्चा करंट का झटका लगने से दूर जा गिरा। बच्चे को बचाने पहुंचे पड़ोस के युवक के हाथ में तार छू गया। करंट से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। बच्चा, उसका पिता और एक महिला करंट की चपेट में आकर झुलस गई। तीनों को बिठूर स्थित एक नर्सिंगहोम में भर्ती कराया गया है। युवक की मौत से परिवार में कोहराम मचा है।
बंदनपुरवा गांव में लल्लू के दरवाजे पर विद्युत पोल लगा है। इससे हाईटेंशन लाइन गुजरी है। गुरुवार सुबह एक पतंग पोल में फंस गई। मांझे की जगह लोहे का पतला तार जोड़कर पतंग उड़ाई जा रही थी। पतंग में लटक रहे लोहे के तार को पकड़ने के लिए पड़ोस के लल्लू का छह वर्षीय पुत्र शनि करंट का झटका लगने से गड्ढे में गिर गया।
बच्चे को बचाने दौड़े पड़ोसी सूरज प्रसाद (40) की करंट की चपेट में आकर मौत हो गई। पड़ोस की रोहित की पत्नी गुड़िया व बच्चे शनि के अलावा उसका पिता लल्लू भी तार की चपेट में आकर झुलस गया। परिजनाें ने तीनों को एक नर्सिंगहोम में भर्ती कराया है। सूरज प्रसाद की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। लेखपाल रामनरायण पाल ने मौके पर जाकर घटना की जानकारी ली और रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को सौंपी है। परियर चौकी प्रभारी कृष्णानंद पांडेय ने सूरज के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। सूरज की मौत से पत्नी सुनीता को अपने सात बच्चों की परवरिश की चिंता सता रही है।