हसनगंज/ बीघापुर। हसनगंज व बीघापुर थाना क्षेत्र में वाहनों की टक्कर से सब्जी विक्रेता समेत दो की मौत हो गई। हसनगंज में युवक की मौत पर पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया, जबकि बीघापुर में युवक की मौत पर परिजनों ने बिना पुलिस को सूचना दिए शव का अंतिम संस्कार कर दिया।
हसनगंज कोतवाली क्षेत्र के मोहान-लखनऊ मार्ग पर महराजगंज गांव के पास अज्ञात वाहन ने मोहान कस्बा के मोहल्ला कटरा निवासी सुभाष यादव (25) पुत्र सूरज यादव को टक्कर मार दी। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे सीएचसी पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। घटना के समय वह बाइक से सब्जी लेने लखनऊ दुबग्गा जा रहा था। उसकी मौत की सूचना पर मां बिट्टो बड़ा भाई बुद्धीलाल का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के वक्त मृतक हेलमेट लगाए था। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है।
बारासगवर थाना क्षेत्र के बारा गांव निवासी कुलदीप (30) पुत्र देवी प्रसाद रविवार तड़के बाइक से निकला। लालकुआं-ऊंचगांव मार्ग पर अवध ग्रामीण बैंक के पास अज्ञात वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में कुलदीप की मौके पर मौत हो गई। परिजनों ने बिना पुलिस को सूचना दिए शव का अंतिम संस्कार कर दिया। हादसे के वक्त कुलदीप हेलमेट नहीं लगाए था।