मौरावां। प्रसादखेड़ा गांव में चोरों ने बंद घर को निशाना बनाया। खटपट की आवाज सुनकर युवक पहुंचा तो चोरों ने भागने का प्रयास किया। एक चोर को पकड़ लिया जबकि उसके दो साथी नकदी-जेवर लेकर बाइक से भाग गए।
मौरावां थानाक्षेत्र के प्रसादखेड़ा गांव निवासी जागेश्वर का बड़ा बेटा ब्रजभान परिवार के साथ दिल्ली में रहकर प्राइवेट नौकरी करता है। उसके घर में ताला लगा है। इस घर से करीब 200 मीटर दूर नया घर बना है। इसमें जागेश्वर का छोटा बेटा बउवा परिवार के साथ रहता है। शनिवार रात चोर ब्रजभान के घर के आंगन का जाल काटकर अंदर दाखिल हुए। कमरे में रखे बक्से का ताला तोड़कर उसमें रखे 1.35 लाख के जेवर और 35 हजार की नकदी चोरी कर ली। घर में खटपट की आवाज सुनकर बउवा ने पिता को फोन किया और बड़े भाई के घर गया।
वहां उसकी चोरों से हाथापाई हुई। उसने एक चोर को पकड़ लिया। जबकि दो अन्य बाइक से भाग निकले। पकड़े गए चोर को रस्सी से बांधकर ग्रामीणों ने पीटा। भाग रहे बाइक सवार चोरों का भी पीछा किया। रास्ते में भारी वाहनों की कतार मिलने से चोर भाग निकले। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस चोर को अपने साथ ले गई। पूछताछ में उसने अपना नाम थानाक्षेत्र के गुड़ियाना गांव निवासी अरुण कुमार बताया। थानाध्यक्ष चंद्रकांत सिंह ने बताया कि घटना की रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है। बाकी की तलाश कर रहे हैं।