चाट का ठेला लगाकर करता था भरण-पोषण, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सीने में मिलीं तीन चोटें
संवाद न्यूज एजेंसी
नवाबगंज। नानाटीकुर गांव में खेत जा रहे युवक को सांड़ ने हमला करते हुए कई बार पटका, इससे उसकी मौत हो गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में उसके सीने में तीन गहरी चोटें आई हैं।
अजगैन कोतवाली क्षेत्र के गांव नानाटीकुर निवासी रामू गुप्ता (42) चाट का ठेला लागर परिवार का खर्च चलाता था। सोमवार सुबह खेत जा रहा था रास्ते में सांड़ ने उसे दौड़ा लिया। रामू ने भागने का प्रयास किया लेकिन, पैर फिसलने से गिर गया। इस दौरान हमलावर हुए सांड़ ने उसे कई बार पटका। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने लाठी पटकर सांड़ को खदेड़ने का प्रयास भी किया।
ग्रामीणों ने रामू को खून से लतपथ देख परिजनों को सूचना दी। घरवाले उसे स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में उसके सीने में तीन गहरी चोटें आने से मौत की पुष्टि हुई है।
मृतक के छोटे भाई मनोज ने बताया कि रामू गांव में चाट की दुकान लगाकर परिवार चलाता था। मृतक के तीन बेटी व एक बेटा है। पत्नी आरती व बच्चों सहित पूरे परिवार का बुरा हाल है।
घर में फंदे से लटका मिला किशोरी का शव
बीघापुर। बारासगवर थाना व कस्बा निवासी गरीबे पासवान की बेटी बिटाली(15) ने सोमवार दोपहर करीब दो बजे घर के अंदर कुंडे में रस्सी के फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। घर में साथ रहने वाले भाई बाउवा, सूरज, पिता गरीबे माता निर्मला घर पर नहीं थे। सभी खेत गए थे। घर लौटने पर बेटी को फंदे से लटका देखा। परिजनों ने पुलिस को सूचना दिए बिना ही शव का अंतिम संस्कार कर दिया। कार्यवाहक थानाध्यक्ष मानिक राम वर्मा ने बताया कि उन्हें घटना की जानकारी नहीं है। (संवाद)
रेलवे ट्रैक पर मिला अज्ञात युवक का शव
नवाबगंज। लखनऊ-कानपुर रेलमार्ग के जैतीपुर स्टेशन की कठेरवा फाटक की अप लाइन पर (40) साल के अज्ञात युवक का क्षत विक्षत शव पड़ा मिला। स्थानीय लोगो की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शिनाख्त का प्रयास किया। लेकिन सफलता नहीं मिली। युवक पैंट शर्ट पहने हुए है। कोई आईडी उसकी जेब में नहीं मिली है। अजगैन कोतवाली प्रभारी अवनीश सिंह ने बताया कि शव पोस्टमार्टम हाउस में रखवाया गया है। शिनाख्त के प्रयास जारी हैं। (संवाद)