उन्नाव। परीक्षा केंद्र पर 45 मिनट देर से पहुंचने पर छात्रा को प्रवेश नहीं दिया गया। वह काफी देर तक गुहार लगाती रही, लेकिन स्टेटिक मजिस्ट्रेट ने नियमों का हवाला देकर प्रवेश नहीं दिया। स्टेटिक मजिस्ट्रेट ने डीएम की अनुमति के बिना प्रवेश न देने की बात कही। इससे छात्रा परीक्षा नहीं दे सकी।
परियर स्थित बद्री प्रसाद इंटर कॉलेज की अनुसूचित जाति की इंटरमीडिएट की छात्रा मांशी पुत्री पप्पू रावत का सोमवार को सुबह पाली में 8:30 बजे से जीवविज्ञान की परीक्षा थी। वह परीक्षा केंद्र पर 9:25 बजे पहुंच सकी, गेट बंद हो चुका था और स्टेटिक मजिस्ट्रेट डॉ. वीरेंद्र सोनकर ने केंद्र में प्रवेश नहीं करने दिया। परीक्षा छूटते देख छात्रा रोने लगी। यह देख किसी ने माध्यमिक शिक्षक संघ के पूर्व जिलाध्यक्ष देवस्वरूप त्रिवेदी को जानकारी दी। उन्होंने केंद्र व्यवस्थापक डीबी सिंह से फोन पर बात की।
बताया कि कहा कि आदेश हैं कि किसी की परीक्षा न छूटने पाए, देर होने पर केंद्र व्यवस्थापक अपने विवेक पर छात्रा को परीक्षा देने की अनुमति दे सकते हैं। इस पर केंद्र व्यवस्थापक ने स्टेटिक मजिस्ट्रेट की अनुमति न होने की बात कही। मामला शिक्षक विधायक राजबहादुर सिंह चंदेल तक पहुंचा तो उन्होंने भी डीआईओएस और संबंधित मजिस्ट्रेट से बात की तो स्टेटिक मजिस्ट्रेट ने डीएम की अनुमति दिलाने के बाद ही प्रवेश देने को कहा। इसी दौरान परीक्षा का समय खत्म हो गया। छात्रा ने बताया कि उनके पिता की मौत हो चुकी है, बीमार मां को दवा और नाश्ता कराने के कारण देर हुई है।
-
कंपार्टमेंट परीक्षा में कर सकती प्रतिभाग
डीआईओएस एसपी सिंह ने बताया कि परीक्षा शुरू होने के आधे घंटे बाद तक ही इंट्री देने के आदेश हैं, उसके बाद छात्र या छात्रा को नहीं बैठाया जा सकता। अगर छात्रा इस विषय को छोड़कर अन्य विषयों में पास हो जाती है तो वह कंपार्टमेंट परीक्षा में शामिल होकर छूटे विषय की परीक्षा दे सकती है।
बोर्ड परीक्षा: 114 केंद्रों में दो पालियों में 28415 ने दी परीक्षा
पंजीकृत 29820 में 1727 ने छोड़ी
उन्नाव। सोमवार को दो पालियों में हुई परीक्षा में सुबह 8:30 से 11:45 बजे तक हाईस्कूल के संस्कृत विषय में पंजीकृत 2532 छात्रों में 2410 ने परीक्षा दी, 122 ने छोड़ दी। इंटरमीडिएट की गणित विषय की परीक्षा में पंजीकृत 4905 छात्रों में 4798 ने परीक्षा दी, 107 ने छोड़ दी। जीव विज्ञान की परीक्षा में पंजीकृत 16126 में 15391 ने परीक्षा दी, 735 ने छेड़ी। दूसरी पाली में दोपहर 2 से 5:15 बजे तक हाईस्कूल की संगीत गायन में छह में छह छात्र उपस्थित रहे। इंटरमीडिएट की चित्रकला में 6050 में 5642 उपस्थित हुए, 408 ने परीक्षा छोड़ी। चित्रकला प्राविधिक विषय में 199 में 166 उपस्थित और 33 अनुपस्थित रहे। रंजन कला में पंजीकृत दो में दोनों ने परीक्षा दी। (संवाद)