फोटो-19- पति की मौत पर रोती पत्नी रुक्मिणी और सांत्वना देता बेटा शिखर। संवाद
उन्नाव। मगरवारा रेलवे स्टेशन पर चलती ट्रेन में चढ़ने की कोशिश कर रहे लखनऊ निवासी अधेड़ का पैर फिसल गया। ट्रेन की चपेट में आकर दोनों पैर कट गए। सिर में भी गहरी चोट आने से मौत हो गई। साथ सफर कर रहीं पत्नी और बेटे ने उन्नाव रेलवे स्टेशन पहुंचने पर आरपीएफ को जानकारी दी।
लखनऊ के बालागंज गोशाला निवासी संजीव अग्रवाल (55) पत्नी रुक्मिणी और बेटे शिखर के साथ सोमवार को कानपुर के कल्याणपुर में रहने वाले छोटे भाई अशोक की बेटी के अन्नप्राशन कार्यक्रम में गए थे। बेटे शिखर ने बताया कि मंगलवार दोपहर करीब एक बजे तीनों लखनऊ जाने के लिए कानपुर से एलकेएम में बैठे थे। मगरवारा स्टेशन पर ट्रेन रुकी तो पिता लघुशंका के लिए उतर गए। उनके पहुंचने से पहले ही ट्रेन चल दी। पिता दौड़कर ट्रेन के पास पहुंचे और चढ़ने की कोशिश में संतुलन बिगड़ा और वह ट्रैक पर गिर गए। दोनों पैर पहिये की चपेट में आने से घुटने से कट गए। सिर में भी चोट आई। इससे उनकी मौत हो गई
आंखों के सामने मौत होने से पत्नी और बेटा बेहाल हैं। बेटे ने बताया कि पिता कागज बनाने वाली फैक्टरी में सेल्समैन थे। कोतवाल संजीव कुशवाहा ने बताया कि पत्नी की तहरीर पर शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।