उन्नाव। करोवन-परियर मार्ग पर सिकंदरपुर गांव के पास सरिया लदी तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खंती में चली गई। हादसे में चालक की मौत हो गई जबकि साथ में रहे ट्रैक्टर मालिक को हल्की चोटें आईं।
सदर कोतवाली के रूपनीखेड़ा गांव निवासी अशोक (34) पुत्र रामनरेश पड़ोसी गांव दयालखेड़ा निवासी संजय शुक्ला के ट्रैक्टर चलाता था। शनिवार शाम फैक्टरी से सरिया लादकर गंगाघाट कोतवाली क्षेत्र के बसधना गांव जा रहा था। अशोक के साथ में संजय भी थे। करोवन-परियर मार्ग पर सिकंदरपुर गांव के आगे ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खंती में उतर गई। तेज धक्का लगने से अशोक का सीना स्टीयरिंग से टकराने के बाद वह खंती में गिर गया और माैके पर ही उसकी मौत हो गई।
छोटे भाई रंजीत ने बताया कि अशोक की पत्नी रानी, बच्चों में करण, अर्जुन और बेटी रागिनी है। कोतवाल चंद्रकांत मिश्रा ने बताया कि परिजन ने हादसे की जानकारी दी थी। शव का पोस्टमॉर्टम कराया गया है।