हसनगंज(उन्नाव)। लखनऊ-बांगरमऊ मार्ग पर हसनगंज कोतवाली क्षेत्र के लखपेड़ा चौराहे पर रविवार सुबह बांगरमऊ की ओर से आ रहे तेज रफ्तार कंटेनर ने बाइक सवार दंपति को टक्कर मार दी। मौके पर ही दंपति की मौत हो गई। चौराहे पर मौजूद पुलिस के पीछा करने पर चालक व परिचालक कुछ दूरी पर एक ढाबे पर कंटेनर खड़ाकर भाग निकले। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया और कंटेनर को कब्जे में ले लिया। हादसे के दंपति की मौत से परिवार में कोहराम मच गया।
कोतवाली क्षेत्र के हाजीपुर बबुरी गांव निवासी अच्छेलाल (27) पुत्र मूलचंद्र रविवार सुबह पांच बजे अपनी 26 वर्षीय पत्नी विनीता को साथ लेेकर बाइक से उसकी पथरी की दवा लेने मोहान जाने के लिए निकला। अभी वह लखपेड़ा चौराहा पर पहुंचा ही था कि बांगरमऊ की ओर से आ रहे तेज रफ्तार कंटेनर ने बाइक को टक्कर मार दी। तेज टक्कर लगने से दंपति नीेचे गिर गए। कंटेनर दोनों को रौंदता हुआ निकल गया। घटनास्थल पर ही दोनों की मौत हो गई। चौराहे पर ही खड़ी पुलिस ने कंटेनर का पीछा किया तो कुछ दूरी पर एक ढाबा के सामने चालक व परिचालक गाड़ी खड़ी कर भाग निकले। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। दंपति की मौत से दो बेटों शोभित (4) व सुमित (2) के सिर से माता-पिता का साया उठ गया। वहीं, मृतक के छोटे भाई लवकुश व माता पियारा का रोकर बुरा हाल हो गया।
कोतवाली में परिजनों ने किया हंगामा
मृतकों के परिजन जब कोतवाली पहुंचे तो वहां दंपति के शव न देख सभी ने हंगामा शुरू कर दिया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम हाउस भेजने की बात कह उन्हें शांत कराने का प्रयास किया पर वह शव देखने की जिद कर कोतवाली परिसर में ही बैठ गए। जिस पर पुलिस ने 14 किमी दूर शव लेकर जा चुके वाहन को वापस कोतवाली बुलवाया। शव देख परिजन बदहवास हो गए। मृतक के छोटे भाई लवकुश ने बताया कि वह दो भाइयों में छोटा है। बड़े भाई अच्छेलाल की शादी 6 साल पहले हुई थी। वह घर पर ही किराना की दुकान खोलकर परिवार का गुजारा करते थे।
लखपेड़ा चौराहा पर ब्रेकर बनाने की मांग की
ग्रामीणों के मुताबिक, लखनऊ-बांगरमऊ मार्ग पर लखपेड़ा चौराहे पर कोई ब्रेकर न होने से आए दिन हादसे होते रहते हैं। दो वर्ष पूर्व इसी स्थान पर विद्यालय जाते समय एक छात्रा की मौत हो गई थी। आक्रोशित ग्रामीणों ने ट्रक को फूं क दिया था। ग्रामीणों ने ब्रेकर बनवाने की मांग की थी पर जिम्मेदारों ने अनसुनी कर दी। रविवार को हादसे में दंपति की मौत के बाद ग्रामीणों ने फि र से चौराहे पर ब्रेकर बनवाने की मांग की है।
मृतका विनीता का फाइल फोटो।- फोटो : UNNAO