नवाबगंज। रेलवे की परीक्षा देने आया युवक सोहरामऊ थाना के भटपुरा गांव में परिचित के घर रुक गया। सुबह लघुशंका के लिए घर के बाहर गया तो गांव के लोगों ने चोर समझ बंधक बनाकर पीटा। छुड़ाने गए लोगों से भी गालीगलौज की और पीआरवी बुलाकर युवक को पुलिस के हवाले कर दिया।
बिहार के औरंगाबाद थाना मदनपुर गांव मनिका निवासी राहुल रेलवे की परीक्षा देने कानपुर आया था। वह हरियाणा की कंपनी में साथ काम करने वाले सोहरामऊ थाना के भटपुरा गांव निवासी लालमन के यहां सोमवार की रात रुक गया। सुबह नौ बजे घर के बाहर लघुशंका करने गया। तभी गांव के ही एक व्यक्ति और उसके बेटे ने चोर समझकर बंधक बना लिया। उसके साथ मारपीट की।
जानकारी होने पर लालमन साथी को छुड़ाने गया तो उसके साथ भी गालीगलौज की। इसके बाद यूपी-112 को बुलाकर राहुल को पुलिस के सुपुर्द कर दिया। आक्रोशित ग्रामीण सोहरामऊ थाने पहुंचे और तहरीर दी। एसओ संदीप शुक्ला ने बताया कि जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
मुकदमे में सुलह का दबाव बनाने वाला गिरफ्तार
बीघापुर। बारासगवर थाना क्षेत्र की एक गांव निवासी महिला ने नाबालिग बेटी से छेड़छाड़ की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। थानाध्यक्ष धर्मेंद्रनाथ मिश्रा ने बताया कि पीड़िता का न्यायिक बयान कराने के बाद आरोपित के विरुद्ध दुष्कर्म तथा पाक्सो की धाराएं बढ़ा दी गई थीं। मामले में सुलह का दबाव बनाने के लिए क्षेत्र में आने की सूचना पर आरोपित राजेश उर्फ शुभम को एसआई राम प्रताप सिंह व सिपाही प्रमोद कुमार ने निहालीखेड़ा से पकड़ लिया और जेल भेज दिया। (संवाद)