उन्नाव। पति की डांट से क्षुब्ध महिला ने मिट्टी का तेल छिड़क कर खुद को आग लगा ली। आग बुझाने में उसकी सास और पति भी झुलस गया। गंभीर हालत में उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उसकी मौत हो गई।
आसीवन थाना क्षेत्र के रसूलबाद कसबा निवासी शिवबालक की पत्नी प्रेमा (27) शनिवार देर शाम अपने पांच साल के बेटे कुणाल को किसी बात पर पीट रही थी। यह देख शिवबालक ने पत्नी को डाट दिया। इससे क्षुब्ध प्रेमा ने देर रात खुद पर मिट्टी का तेल छिड़क कर आग लगा ली। शिवबालक और सास शिवकली ने काफी प्रयास कर आग बुझाई। प्रेमा को बचाने में वह दोनों भी झुलस गए। इसके बाद पति उसे लेकर स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र पहुंचा जहां से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। शिवबालक ने उसे शहर के एक नर्सिंगहोम में भर्ती कराया जहां उससे 13 हजार रुपए ले लिए गए और करीब एक घंटे बाद उसे कानपुर के नर्सिंगहोम के लिए रेफर कर दिया गया। दस हजार रुपए का बिल थमाने के बाद रात करीब एक बजे उसे वहां से रेफर कर दिया। रात को ही पति उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचा। इलाज के दौरान रविवार को 11 बजे उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना पर मृतका की बहन सीमा, विमला, गुड्डी और मायका सदर कोतवाली क्षेत्र के अकरमपुर निवासी चचेरा भाई दिनेश भी पोस्टमार्टम हाउस पहुंचा। मायके पक्ष के लोगों ने किसी तरह का आरोप नहीं लगाया है।