उन्नाव। डायरिया का प्रकोप दिनोदिन बढ़ता ही जा रहा है। पिछले तीन दिन में तीन बच्चों सहित चार लोगों की मौत हो चुकी है। शनिवार को अस्पताल में भर्ती एक वृद्धा ने दम तोड़ दिया। शनिवार को भी गंभीर हालत में छह से अधिक बच्चों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
जिला अस्पताल में डायरिया से पीड़ित मरीजों की संख्या दिन प्रतिदिन बढ़ती ही जा रही है। हालत यह है कि एक मरीज डिस्चार्ज होता है तो दो नए भर्ती हो जाते हैं। शनिवार को एक वार्ड के ज्यादातर बेड डायरिया के मरीजों से भरे थे। शनिवार को शहर के मोहल्ला इंद्रा नगर निवासी राकेश कुमार के 13 महीने के बच्चे अंश की हालत बिगड़ गई। परिजनों ने जिला अस्पताल में लाकर भर्ती कराया। इसी तरह छोटा चौराहा निवासी अशरफ अली का आठ महीने का बच्चा आहद अली भी डायरिया की चपेट में आ गया। परिजन उसे आनन फानन में जिला अस्पताल लेकर आए। गदनखेड़ा के राजेंद्र की पुत्री काजोल (पांच माह) भी डायरिया की चपेट में आ गई। पुरवा क्षेत्र के दौलत खेड़ा निवासी रामकली (60) पत्नी स्व. लोकराम को भी डायरिया हो गया था। परिजनों ने दस मई को उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया था, जहां शनिवार को वृद्धा ने दम तोड़ दिया।