पिता ने हत्या की आशंका जाहिर की
उन्नाव। देवरा गांव में गुरुवार को एक किशोर का शव संदिग्ध हालात में फांसी पर लटका मिला। मृतक के घुटने जमीन से टिके थे। पिता ने मोहल्ले के लोगों पर हत्या की आशंका जाहिर की है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
औरास थाना क्षेत्र के दऊ गांव के मजरा देवरा निवासी गंगादीन कहार के चार पुत्र और दो पुत्रियां हैं। बुधवार को गंगादीन अपने ममेरे भाई के तेरहवीं संस्कार में उन्नाव गया था और घर में पत्नी कंचन और छोटा बेटा गुड्डू(12) था। दोपहर में गुड्डू अचानक कहीं गायब हो गया। काफी देर तक जब वह नहीं दिखा तो मां कंचन ने गुड्डू की तलाश शुरू की। ग्रामीणों के कहने पर कंचन पुत्र को खोजने गांव के बीच बने दूसरे घर पर गई। वहां पर उसे गुड्डू का शव रस्सी की सहारे धन्नी से लटकता मिला लेकिन उसके घुटने जमीन पर टिके थे। सूचना पाकर पुलिस पहुंची और छानबीन कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पोस्टमार्टम हाउस में पिता ने बताया कि छोटी पुत्री ऊषा का 14 जून को विवाह है। बड़ी बेटी आशा शादी के कपड़े खरीदने बाजार गई थी तो दूसरा बेटा राजेंद्र जोरावरगंज बाजार सब्जी बेचने गया था। दो बेटे अन्य शहरों में नौकरी करते हैं। पिता ने गुड्डू की हत्या में मोहल्ले के लोगों पर आशंका जाहिर की। इन लोगों से उनका कुछ समय पहले विवाद हुआ था। असोहा थानाध्यक्ष का कहना है कि गुड्डू ने फंासी लगाकर जान दी है, अभी तक किसी ने तहरीर नहीं दी है।