नवाबगंज/उन्नाव। सोहरामऊ थानाक्षेत्र के नीमटीकुर गांव में एक धार्मिक स्थल पर लाउडस्पीकर लगाने का विवाद ने तूल पकड़ गया। भारतीय किसान यूनियन भानू गुट के कार्यकर्ताओं ने रविवार को इस धार्मिक स्थल पर लाउड स्पीकर बंधवा दिया। जबकि दूसरे समुदाय के लोगों ने इसका विरोध किया था। हिंदू संगठनों के नेताओं के अलावा पड़ोस के गांवों से ग्रामीणों के जमावड़े से तनाव बढ़ने लगा। जानकारी मिलते ही कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई और दोनों पक्षों को शांत कराया। सोहरामऊ थानाक्षेत्र के नीमटीकुर गांव में एक छोटी धार्मिक स्थल पर करीब डेढ़ साल पहले लाउडस्पीकर लगाया गया था। उस दौरान गांव के बहुसंख्यक वर्ग ने लाउडस्पीकर लगाने का विरोध किया था। उस दौरान विवाद बढ़ने पर पुलिस ने दोनों पक्षों में समझौता करा दिया था। समझौते के अनुसार विशेष पर्वों पर लाउडस्पीकर लगाने पर सहमति हो गई थी। इसके बाद मामला शांत हो गया था। रविवार को अचानक भारतीय किसान यूनियन के कुछ सदस्यों ने उसी धार्मिक स्थल पर लाउडस्पीकर लगवा दिया। लाउडस्पीकर की आवाज सुनते ही गांव के बहुसंख्यक वर्ग के लोग धार्मिक स्थल के बाहर इकट्ठा हो गए तथा लाउडस्पीकर उतरवाने की मांग करने लगे। इस पर किसान यूनियन के नेताओं ने दूसरे पक्ष से अपने उपासना स्थलों पर लाउडस्पीकर लगाने की बात कही। थोड़ी ही देर में मामला गंभीर हो गया। पड़ोस के गांव मझरिया, चौपई, बेलरिया आदि से कई गांवों के ग्रामीण इकट्ठा हो गए। इसी दौरान विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ता भी आ डटे। तनाव बढ़ने पर पुलिस को सूचना मिली। इस बीच आनन-फानन में में पुरवा, सोहरामऊ, मौरांवा और असोहा की पुलिस ने स्थिति संभाली। देर शाम तक दोनों ही पक्ष अपनी बात पर अड़े हुए हैं । पुलिस अधीक्षक जे रवींदर गौड़ ने बताया कि मामला नियंत्रण में है दोनों पक्षों के बीच स्वीकृत मुद्दों पर समझौता करवाने का प्रयास किया जाएगा।