उन्नाव। मगरवारा रेलवे स्टेशन के गेट नंबर 40 के पास ओवरलोड़ ट्रैक्टर ट्राली में फसंकर ओएचई लाइन टूट गई। इससे कानपुर की ओर से आ रही ट्रेनें जहां की तहां खड़ी हो गईं। स्टेशन मास्टर की सूचना पर टावर वैगन ने डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद लाइन जोड़ी, तब रेल यातायात सुचारु हो सका।
गुरुवार रात लगभग डेढ़ बजे भूसा लदा एक ट्रैक्टर मगरवारा रेलवे स्टेशन के गेट नंबर 40 से गुजर रहा था। इस दौरान फाटक का ऊपरी हिस्सा पहले ट्रैक्टर में फंसा फिर ऊपर से गुजरी हाईटेंशन लाइन भी ट्राली में फंसकर टूट गई। ओवर हेड इलेक्ट्रिक लाइन होने के कारण तार टूटते ही विद्युत सप्लाई बंद हो गई। इससे कानपुर की ओर से आ रही कुशीनगर एक्सप्रेस को आउटर, मालगाड़ी को गंगाघाट रेलवे स्टेशन पर खड़ी कर दिया गया। ट्रेनें रुकने से चालकों ने इसकी सूचना स्टेशन मास्टर मगरवारा को दी। सूचना मिलने पर टावर वैगन कर्मी मौके पर पहुंचे और करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मेहनत के बाद तार को सही कर पाए। इससे ट्रेन यात्रियों को काफी समस्याओं का सामना करना पड़ा। सूचना पाकर पहुंची आरपीएफ ने गेटमैन से बात की। हालांकि ट्रैक्टर चालक गाड़ी सहित निकल गया। बाद में आरपीएफ ने काफी खोजबीन की, लेकिन उसका पता नहीं चला। रेलवे पुलिस ने अज्ञात ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।