उन्नाव। मगरवारा रेलवे स्टेशन पर ओवर हेड इलेक्ट्रिक (ओएचई) लाइन टूटने से प्लेटफार्म पर मौजूद यात्रियों में भगदड़ मच गई और डाउन ट्रैक पर ट्रेनों का आवागमन ठप हो गया। सूचना पर उन्नाव से भेजे गए टावर वैगन को डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद टूटे तार को जोड़ने में सफलता मिली। इसके बाद ट्रेनों का संचालन शुरू हो पाया। मगरवारा रेलवे स्टेशन से गुजरी ओएचई लाइन में मंगलवार सुबह करीब साढ़े 8 बजे स्पार्किंग होने लगी। जब तक कोई कुछ समझ पाता तार झटके से टूटकर नीचे गिर गया। प्लेटफार्म पर मौजूद यात्रियोें में भगदड़ मच गई। तार टूटने से ट्रेनें भी जहां की तहां खड़ी हो गई। डाउन ट्रैक पर गाड़ियों का आवागमन ठप हो गया। जबलपुर से लखनऊ जा रही 15010 जबलपुर एक्सप्रेस मगरवारा रेलवे स्टेशन पर खड़ी हो गई। वहीं कानपुर से लखनऊ जाने वाली 64206 एलकेएम को आउटर पर रोक दिया गया। एलकेएम के पीछे आ रही 12522 राप्ती सागर एक्सप्रेस गंगाघाट रेलवे स्टेशन पर खड़ी हो गई। तार टूटने की सूचना कंट्रोलरुम के जरिए उन्नाव स्टेशन मास्टर को दी गई। उन्नाव से गए टावरकर्मियों ने डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद तार जोड़ने में सफलता पाई। इसके बाद ट्रेनों का आवागमन शुरू हो सका। मगरवारा स्टेशन मास्टर पीएन सिंह ने बताया कि तार टूटने से कुछ देर के लिए डाउन ट्रैक पर ट्रेनों का आवागमन प्रभावित हुआ था। बाद में टावरकर्मियों ने तार को जोड़ दिया था उसके बाद ट्रेनें उन्नाव की ओर रवाना हो सकी थीं। घंटों ट्रेनों के खड़ी हो जाने से यात्री बेहाल रहे।