उन्नाव। अलग-अलग सड़क हादसों में दो लेखपाल समेत चार लोग घायल हो गए। सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दो लोगों को गंभीर हालत में कानपुर रेफर किया गया है।
शहर के मोहल्ला इंद्रानगर निवासी लेखपाल जगदीश (35) पुत्र रामस्वरूप साथी रामकुमार के साथ सोहरामऊ जा रहे थे। लखनऊ-कानपुर हाईवे पर टोल टैक्स बैरियर के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां से दोनों को कानपुर रेफर कर दिया गया। उन्नाव-रायबरेली मार्ग पर झड़ियन खेड़ा गांव के पास बाइकों की भिड़ंत में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। अचलगंज थानाक्षेत्र के मल्लखेड़ा गांव निवासी मोनू (18) पुत्र रामजीवन पंपिंग सेट का सामान लेकर अचलगंज कसबा से गांव लौट रहा था। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रहे पिपरिया गांव निवासी पूर्व प्रधान बृजकिशोर (50) की बाइक में आमने-सामने भिड़ंत हो गई। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बांगरमऊ प्रतिनिधि के मुताबिक तेज रफ्तार कार ने रविवार शाम साइकिल से अपने गांव जा रहे 15 वर्षीय बालक को टक्कर मार कर घायल कर दिया।
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम सुल्तानपुर निवासी अनूप कुमार का 15 वर्षीय पुत्र आशू रविवार शाम नगर की बाजार से वापस साइकिल से अपने घर जा रहा था। तभी सामने से आ रही कार ने उसे टक्कर मार दी। हादसे मेें साइकिल सवार बालक गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजनों ने घायल आशू को स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मेें भर्ती कराया। गंभीर हालत के कारण डाक्टरोें ने उसे लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया।