उन्नाव। मथुरा के सराफा कारोबारी से हुई करोड़ों की लूट की घटना में तीन शातिर बदमाशों की गिरफ्तारी और बाकी सोना-नगदी बरामद करने के लिए आगरा और मथुरा गईं पुलिस की पांच टीमें खाली हाथ लौट आई हैं। दो बादमाशों का क्राइम रिकार्ड उन्नाव पुलिस को मिल गया है। जिनमें से एक ने पुराने मुकदमे में कोर्ट में सरेंडर कर जेल चला गया।
शनिवार सुबह अजगैन थानाक्षेत्र में मथुरा निवासी सराफा व्यापारी पंकज अग्रवाल से सोना व नगदी समेत दो करोड़ की लूट हुई थी। सेलटैक्स अफसर बनकर लूट की वारदात को अंजाम देने वाले बदमाशों ने लूटपाट के बाद व्यापारियों की कार भी जला दी थी। बदमाशों ने व्यापारी व उसके मुनीम को जबरन नशीली दवा खिलाने के बाद बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र के मुस्तफाबाद गांव के पास बाग में फेंक दिया था। व्यापारी के मुनीम मनोज खत्री ने 6.400 किलोग्राम सोना और 51 लाख रुपये नगदी लूटने का मुकदमा दर्ज कराया था। घटना के दिन ही उन्नाव, हरदोई और कन्नौज पुलिस ने सात बदमाशों को गिरफ्तार 4.650 किलोग्राम सोना और 18.50 लाख रुपये ही बरामद कर लिया था। फरार हुए तीन बदमाशों और माल को बरामद करने के लिए उपनिरीक्षकों के नेतृतव में पांच टीमें बनाकर मथुरा और आगरा रवाना हुई थीं। छह दिन बाद सभी टीमें वापस लौट आई हैं। लूट में शामिल आगरा निवासी शातिर लुटेरा प्रमोद जाटव ने एक अन्य मुकदमे में कोर्ट में समर्पण कर दिया है। उसपर पच्चीस से ज्यादा मुकदमे दर्ज हैं।