उन्नाव। जिले में मरीजों की सुविधा के लिए चलाई जा रही 108 एंबुलेंस समाजवादी स्वास्थ्य सेवा की औचक निरीक्षण में पोल खुल गई। जिले में तीन एंबुलेंस ऐसी पाई गईं जिसमें न तो दवाइयां हैं और न ही जरूरी उपकरण। ऐसे में मरीजों को कितना फायदा मिल रहा होगा इसी से पता लगाया जा सकता है।
प्रमुख सचिव के निर्देश पर सीएमओ डॉ. एसपी चौधरी ने चार दिन पहले जिले में संचालित समाजवादी स्वास्थ्य सेवा(108) एंबुलेंसों का निरीक्षण करवाया। निरीक्षण के दौरान तीन एंबुलेंस ऐसी मिलीं जिनका डेकोरेशन ठीक नहीं था। साथ ही उपकरण भी बेकार हो चुके हैं। दवाइयां भी नहीं थीं।
जिले में लोगों को सुविधा के लिए उप्र सरकार ने जिले में समाजवादी स्वास्थ्य सेवा के तहत 18 एंबुलेंस दी थीं। इन एंबुलेंसों में गंभीर मरीज के इलाज के लिए वह सभी सुविधाएं भी दी गईं थी जिससे मरीज को रास्ते में किसी प्रकार की दिक्कत न हो। इस सेवा के प्रारंभ होने से लोगों को इसका लाभ तो मिल रहा है। लेकिन इन गाड़ियों में धीरे-धीरे उपकरणों का अभाव होता जा रहा है। हालत यह है कि जो भी उपकरण बिगड़ जाते हैं उनको बनवाया भी नहीं जा रहा है। ऐसे में सिर्फ मरीजों को एंबुलेंस से लाकर अस्पताल में भर्ती करा दिया जाता है।
सीएमओ डॉ. एसपी चौधरी ने बताया कि विकासखंड पुरवा, सिकंदरपुर सरोसी तथा औरास की एंबुलेंस खराब मिली हैं। इनकी रिपोर्ट बनाकर प्रमुख सचिव को भेजी गई है।