फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

हसनगंज में फरियादियों ने लाइन लगाकर डीएम को सुनाई समस्या

विज्ञापन
विज्ञापन
हसनगंज/बांगरमऊ। तहसील दिवस पर हसनगंज व बांगरमऊ का नजारा बिल्कुल उल्टा देखने को मिला। हसनगंज में जहां लोगों ने लाइन लगाकर डीएम को अपनी फरियाद सुनाई वहीं बांगरमऊ में एसडीएम फरियादियों की राह ही तकती रह गईं। हसनगंज में 131 व बांगरमऊ में मात्र 24 लोगों ने ही अपनी शिकायतें दर्ज कराई हैं। उन्नाव सदर में भी मात्र 47 शिकायतें ही दर्ज हुईं। इसमें एक का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया।
विज्ञापन

हसनगंज में तहसील दिवस पर राजबहादुर निवासी हरौनी समसुद्दीनपुर ने तहसील दिवस में चौथा प्रार्थना पत्र दिया। उसने बताया कि कुछ लोगों ने उसकी जमीन पर कब्जा कर रखा है। इससे पूर्व एक जुलाई 2014 को संपन्न हुए तहसील दिवस में शिकायती पत्र दिया था। कोई कार्रवाई न होने पर डीएम और एसडीएम को फिर पत्र दिया। जांच के बाद उसे उसकी जमीन दिला दी गई थी, लेकिन गांव के ही दबंग ने पुलिस की मदद से जमीन पर फिर कब्जा कर लिया। एसपी रतन कुमार श्रीवास्तव ने एसओ से आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने के आदेश दिए। तहसील दिवस की अध्यक्षता डीएम सौम्या अग्रवाल ने की। इस दौरान सीडीओ नेहा शर्मा, एसडीएम शेरी, सीओ रमेशचंद्र दुबे, ईओ मुकेश कुमार निगम, सीएमओ एसपी चौधरी, बीएसए डॉ. मुकेश कुमार सिंह आदि उपस्थित रहे।
बांगरमऊ प्रतिनिधि के अनुसार, शहीद जसा सिंह भवन मेें आयोजित द्वितीय तहसील दिवस मंगलवार को सन्नाटे में रहा। तहसील में स्टॉफ न होने और भवन के पट बंद रहने से दो दर्जन शिकायती पत्र आए। जिनमें से एक का मौके पर निस्तारण किया गया। तहसील दिवस की अध्यक्षता कर रही उपजिलाधिकारी सफीपुर प्रवीणा को रईशा बानो पत्नी इशरत निवासी मोहल्ला गुलाम मुस्तफा ने दिए पत्र में कहा कि पड़ोसी खेत मालिक ने मोड़ जोतकर अपने खेत में मिला लिया है। जिससे उसके खेत का रकबा कम हो गया है। एसडीएम ने खेत की पैमाइश कराकर दोबारा मेड़ बंधवाने के आदेश दिए हैं। बरौंकी निवासी सुंदर और ग्राम लहरापुर निवासी सर्वजीत की शिकायत थी कि कुछ लोगों ने उनकी पिटाई की और जान माल की धमकी दी। लेकिन कोतवाली पुलिस ने घटना की रिपोर्ट नहीं लिखी। एसडीएम ने पुलिस से संबंधित शिकायती पत्र कोतवाल ऋषिकांत शुक्ला को सौंपते हुए शीघ्र निस्तारण की बात कही। इस अवसर पर एडीओ समाज कल्याण देशराज कनौजिया, कानूनगो सुशील बाजपेई, सहायक बाल विकास परियोजनाधिकारी रागिनी श्रीवास्तव आदि उपस्थित रहे।
विज्ञापन

उन्नाव तहसील में लगे तहसील दिवस की अध्यक्षता एसडीएम सरजू प्रसाद ने की। इस दौरान मात्र 47 लोगों ने ही अपनी शिकायतें दर्ज कराई। शिकायतों में एक का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। जबकि शेष को जांच के लिए संबंधित विभाग के अधिकारियों के सुपुर्द कर दिया गया।
पुरवा प्रतिनिधि के अनुसार नवागत एसडीएम जसजीत कौर की अध्यक्षता मेेें संपन्न हुए तहसील दिवस में 136 प्रार्थना पत्र आए। मौके पर एक भी मामले का निस्तारण नहीं हो सका। समय सीमा के अंदर निस्तारण करने का फरमान विभिन्न विभागों के अधिकारियों को सुनाया। वहीं देर से आने वाले कर्मचारियों को नाराजगी जाहिर करते हुए चेतावनी दी कि यदि भविष्य में ऐसा हुआ तो खैर नहीं होगी। इस दौरान तहसीलदार राजेश चौरसिया, बीडीओ वीके यादव, नायब तहसीलदार एके सरोज आदि उपस्थित रहे।

जमीन ले ली पर पैसा नहीं मिल रहा
हसनगंज। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे में अधिग्रहीत की गई जमीन के संबंध में पिलखना रसीदपुर के लोगों ने प्रार्थना पत्र देते हुए भूमि के बदले मिलने वाला पैसा समय से न मिलने की शिकायत की है। जिस पर डीएम ने एक मोबाइल नंबर तहसील में चस्पा करने की बात कही। जिससे पीड़ित व्यक्ति अपना समस्या उनसे बता सके।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें