उन्नाव। शराब ठेका में चेकिंग के दौरान सेल्समैन और उसके साथी ने आबकारी सिपाही पर हमला कर दिया। मारपीट के दौरान उससेे छह सौ रुपये भी छीन लिए। सूचना पर आबकारी निरीक्षक टीम के साथ पहुंचे तो हमलावरों ने उनके साथ भी गालीगलौज की। सिपाही ने दो लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
आबकारी सिपाही सुखवीर सिंह ने गुरुवार देर शाम माखी थानाक्षेत्र के बिरसिंहपुर गांव में स्थित देशी शराब ठेका पर छापा मारा। वह स्टॉक और शराब की बोतलों की जांच कर रहे थे तभी सेल्समैन अनंत सिंह बंटू ने विवाद शुरू कर दिया। सिपाही ने डपटा तो अनंत सिंह और उसके साथी नन्हके पुत्र फूलचंद्र ने उसके साथ मारपीट की। सिपाही का आरोप है कि मारपीट के दौरान हमलावरों ने 600 रुपये भी छीन लिए। इसके बाद सिपाही की सूचना पर प्रभारी आबकारी निरीक्षक गिरिराज सिंह भी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। इस पर सेल्समैन व उसके साथी ने आबकारी निरीक्षक के साथ भी गालीगलौज की। सिपाही की तहरीर पर पुलिस ने अनंत सिंह उर्फ बंटू और नन्हके के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर शुक्रवार को दोनों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। उधर, बंटू ने खुद को झूठे मामले में फंसाए जाने की बात कही। उसके मुताबिक जिस समय आबकारी सिपाही शराब ठेके पर पहुंचा वह वर्दी में नहीं था। आरोप है कि उनके गाली गलौज करने पर अन्य लोगों ने उनके साथ मारपीट की।