उन्नाव। भाई व बेटी के न बैठ पाने से हड़बड़ाई महिला चलती ट्रेन से नीचे गिर गई। उसे गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
फतेहपुर शहर की निवासी गुड़िया (30) पत्नी शिवओम दो दिन पहले शहर के मोहल्ला प्रयाग नारायण खेड़ा निवासी जेठानी प्रेमलता तिवारी पत्नी रूपकिशोर के यहां आई थी। उसके साथ तीन साल की बेटी अमृता और भाई अजय भी था। शुक्रवार सुबह गुड़िया वापस फतेहपुर जा रही थी। वह एलकेएम ट्रेन में चढ़ गई लेकिन भीड़ अधिक होने से उसकी बेटी और भाई नहीं चढ़ पाए। जेठानी ने प्रेमलता और भाई अजय को कानपुर में मिलने का इशारा किया लेकिन अत्यधिक भीड़ होने से गुड़िया समझ नहीं पाई। इस बीच ट्रेन भी चल पड़ी। टिकट भाई के पास होने से वह हड़बड़ा गई और थोड़ी देर बाद ट्रेन से नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गई। सूचना पर पहुंची जीआरपी ने उसे आनन-फानन में जिला अस्पताल में भर्ती कराया। काफी कोशिश के बाद गुड़िया एक मोबाइल नंबर बता पाई। जीआरपी ने फोन कर परिजनों को घटना की सूचना दी।