उन्नाव। रविवार रात उन्नाव-रायबरेली मार्ग पर सड़क हादसे ने एक मां से उसके बुढ़ापे का सहारा छीन लिया। वहीं उसकी पत्नी और बच्चे भी बेसहारा हो गए।
रविवार रात उन्नाव-रायबरेली मार्ग पर बोलेरो की टक्कर से अचलगंज थाना क्षेत्र के शुक्लापुर गांव निवासी कमल किशोर (30) की मौत हो गई थी। रात को वह बाइक से बीघापुर थाना क्षेत्र के गौरी गांव निवासी अपनी बहन सोनी के यहां जा रहा था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम हाउस के बाहर बैठी मृतक कमल की बूढ़ी मां सियादुलारी और पत्नी सरिता का रो-रोकर बुराहाल रहा। सिया दुलारी के पति पंजाबी की पहले ही मृत्यु हो चुकी है। कमल उसका इकलौता बेटा था। मृतक की पत्नी सरिता भी यह सोचकर बेहाल थी कि बाकी बची जिंदगी और अपने तीन बच्चों कोमल (5), छोटी (3) और दो साल के पुत्र पुन्नू का पालन पोषण कैसे करेगी।