उन्नाव। राष्ट्रीय मतदाता दिवस के एक दिन पहले गुरुवार को कलेक्ट्रेट और विकास भवन परिसर स्थित सभी सरकारी विभागों के अधिकारियों व कर्मचारियों को चुनाव आयोग द्वारा निर्धारित शपथ दिलाई गई। इसके अलावा भी कई जगह मतदाताओं को शपथ दिलाई गई। जागरूकता रैली भी निकाली गई।
कलेक्ट्रेट में अपर जिला अधिकारी शिवेंद्र कुमार सिंह ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को शपथ दिलाई। इससे पहले एडीएम ने तीसरे राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर मुख्य निर्वाचन आयुक्त का संदेश पढ़कर सुनाया। उन्होंने कहा कि प्रजातांत्रिक निर्वाचनों में नागरिकों की सहभागिता मतदाता के रूप में पंजीकरण के साथ शुरू होती है और मतदान दिवस पर वोट देने के साथ ही पूर्ण होती है। शिवेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि अभी भी कई पात्र व्यक्तियों को आच्छादित किया जाना है। उन तक पहुंचना है और उन्हें प्रोत्साहित करना है कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति मतदाता सूची में पंजीकृत हो। जो पंजीकृत हैं वह चुनाव में सहभागी बनें, इसके लिए नागरिकों की भागेदारी सुनिश्चित की जानी जरूरी है। हमेें अपने प्रजातंत्र को सार्थक बनाना है।
उन्होंने अपील की कि हम सभी 25 जनवरी को होने वाले राष्ट्रीय मतदाता दिवस को शानदार ढंग से आयोजित कर मतदाताओं को जागरुक करें और जिनके नाम वोटर लिस्ट में दर्ज कराने से बच गए हैं उनके नाम जुड़वाएं। उन्होंने बताया कि 25 जनवरी को सभी मतदान केंद्रों पर भी राष्ट्रीय मतदाता दिवस का आयोजन किया जाएगा और इपिक (मतदाता पहचान पत्र) भी वितरित किया जाएगा। इस मौके पर मतदाता सूची में नाम जोड़ने के लिए फार्म छह भी भरे जाएंगे। तहसील ब्लाक स्तर पर रैलियों के आयोजन की रूपरेखा बनाई गई है।
एडीएम ने पन्नालाल हाल में गर्ल्स चाइल्ड डे पर आयोजित कार्यशाला मेें राष्ट्र्रीय मतदाता दिवस पर निर्धारित शपथ वहां मौजूद प्रतिभागियों को दिलाई। इस दौरान सिटी मजिस्ट्रेट बाबूराम, प्रशासनिक अधिकारी छोटेलाल, चंद्रशेखर शुक्ला, अमृतलाल वर्मा आदि मौजूद रहे। विकास भवन परिसर में डीडीओ अवधेश बहादुर सिंह ने मातहतों को शपथ दिलाई। मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय में सीएमओ और डीएसएन कालेज में एसडीएम सदर ने मतदाताओं को शपथ दिलाई। डीएसएन कालेज में प्राचार्य श्यामपति, डा. रवि जौहरी, डा. सुनील पांडेय, डा. विपिन सिंह, डा. मानवेन्द्र सिंह सहित अन्य शिक्षक उपस्थित रहे।
फतेहपुर चौरासी प्रतिनिधि के मुताबिक भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 25 जनवरी को राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर जन-जन को जागरूक करने के लिए गुरुवार को प्राथमिक विद्यालय की ओर से कस्बे में जागरूकता रैली निकाली गई। रैली में रेनू देवी, शालिनी गुप्ता, मिथलेश कुमारी, यामिनी शुक्ला, ओमप्रकाश, मोहम्मद आरिफ, फतेहपुर चौरासी ग्रामीण के ग्राम प्रधान प्रतिनिधि मोतीलाल, अमर सिंह, सुमन देवी, राजकुमारी आदि शामिल हुए।
सफीपुर प्रतिनिधि के मुताबिक तहसील सभागार में आयोजित कार्यक्रम में 25 जनवरी को अवकाश के कारण मतदाता दिवस एक दिन पूर्व ही मनाया गया। तृतीय राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर उपजिलाधिकारी सरजू प्रसाद शुक्ला ने कर्मचारियों को शपथ दिलाई और मुख्य निर्वाचन आयुक्त के आशय की जानकारी दी। कहा कि इस कार्य को शत-प्रतिशत करना है 18 वर्ष के ऊपर का व्यक्ति मताधिकार का प्रयोग करें, यह अवश्य होगा, इसकी शपथ कर्मियों ने ली। इस मौके पर बार एसोसिएशन अध्यक्ष आफताब हैदर, विष्णुकांत मिश्रा, अशोक सेठ सहित अन्य कर्मचारी मौजूद थे।
गंजमुरादाबाद प्रतिनिधि के मुताबिक नगर स्थित बाल व कन्या प्राथमिक विद्यालयों के बच्चों ने राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर जागरूकता रैली निकाल कर मतदाताओं को जागरूक किया।
इस अवसर पर खंड शिक्षाधिकारी अशोक कुमार सिंह ने कहा कि आज के लोकतंत्र में मतदाताओं को मताधिकार का प्रयोग करना आवश्यक है। मताधिकार प्रत्येक नागरिक का नैतिक कर्तव्य है। यह रैली समूचे नगर मेें भ्रमण करते हुए ब्लाक संसाधन केंद्र पर समाप्त हुई। इस दौरान प्रधान शिक्षिका मंजू पांडेय, फिदाय आलम, शहनाज बानो सहित प्रज्ञा, दिव्या, मनोरमा, मीरा देवी एवं गुलशन बानो आदि शिक्षिकाएं व शिक्षा मित्र मौजूद रहे। हसनगंज संवाददाता के अनुसार, तहसील सभागार में समस्त कर्मचारियों व अधिवक्ताओं को एसडीएम ने शपथ दिलाई। यहां पर नायाब तहसीलदार विनोद मिश्र, एके सरोज, अजय आनंद, रामप्रकाश मिश्रा, निदेश, विष्णु धनीराम, हरिशंकर, दीप शुक्ल आदि मौजूद रहे।
बिछिया प्रतिनिधि के मुताबिक राष्ट्रीय मतदाता जागरूकता दिवस के अवसर पर खंड शिक्षाधिकारी उमाकांत कनौजिया की अगुवाई में प्राथमिक विद्यालय बिछिया के छात्र-छात्राओं ने रैली निकाली। रैली में छात्र-छात्राएं स्लोगन लिखी तख्तियां, लोकतंत्र है सबसे प्यारा वोट देना अधिकार हमारा, लेकर चल रहे थे। रैली गांव की गलियों में घूमकर स्कूल में आकर समाप्त हुई। रैली में बीडियो बिछिया डा. पीके यादव, प्रभारी चिकित्साधिकारी डा. पंकज, स्वास्थ्य शिक्षाधिकारी डा. रितू श्रीवास्तव सहित अन्य शिक्षक शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।