उन्नाव। बारावफात व स्वतंत्रता दिवस को देखते हुए रेलवे स्टेशन पर सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। यात्रियों के सामान खंगाला गया। जीआरपी व आरपीएफ ने संयुक्त रूप से संदिग्ध वस्तुओं को मेटल डिटेक्टर से चेक किया। एहतियात के तौर पर रेलवे पुलिस के अधिकारियों ने स्टेशन परिसर का चप्पा-चप्पा खंगाला। वाहन स्टैंड के साथ-साथ ट्रेनों में भी चेकिंग की गई।
गुरुवार को रेलवे व राजकीय पुलिस के अधिकारियों ने संयुक्त रूप से स्टेशन पर चेकिंग की। पहले लाव-लश्कर के साथ प्लेटफार्मों की जांच पड़ताल की। संदिग्ध वस्तुओं की मेटल डिटेक्टर से जांच की गई। सिपाहियों की मदद से उसे खुलवाकर देखा गया। इसके बाद बुकिंग व पूछताछ विंडो पर रखे अन्य सामानों को भी चेक कराया गया। यात्रियों को अपने लगेज के पास ही रहने की सख्त हिदायत दी गई। इसके बाद अफसरों ने आरक्षण केंद्र का भी जायजा लिया। संदिग्ध दिखे यात्रियों से पूछताछ की गई। पुलिस अफसर मुख्य द्वार पर पहुंचे और यहां पर संदिग्ध दिखे सामान को जांचा। प्लेटफार्म नंबर 2/3 व 4 पर भी चेकिंग की गई। हर यात्री के लगेज को चेक किया गया। यहां तक की खानपान के काउंटर के साथ कूड़ा रखने वाले डिब्बों को भी खंगाला गया।
इसी बीच एलकेएम स्टेशन पर पहुंची। इसमें भी पुलिस अफसरों ने चेकिंग की। रायबरेली पैसेंजर में भी जांच पड़ताल की गई। इसके बाद अफसरों का दल वाहन स्टैंड पहुंचा। यहां पर मेटल डिटेक्टर लगाकर वाहनों की चेकिंग की गई। झुंड लगाकर खड़े रिक्शेवालों को खदेड़ दिया गया। सब कुछ सामान्य मिलने पर अफसरों ने राहत की सांस ली। आरपीएफ इंस्पेक्टर संजय गुप्ता व जीआरपी प्रभारी बृजेश कुमार यादव ने कहा कि बारावफात व गणतंत्र दिवस के मद्देनजर स्टेशन परिसर पर तलाशी अभियान चलाया गया। सरकुलेटिंग एरिया से लेकर प्लेटफार्मों व ट्रेनों में जांच पड़ताल की गई। प्लेटफार्मों पर सिपाहियों की गश्त बढ़ा दी गई है।